सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को केंद्र और जनगणना संचालन निदेशालय को निर्देश दिया कि वे एक हफ्ते के भीतर जनगणना से जुड़ी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) रिकॉर्ड पर रखें। इसमें जाति संबंधी जानकारी दर्ज करने, उसकी पुष्टि के तरीकों और सुरक्षा उपायों का ब्योरा शामिल होगा।

प्रधान न्यायाधीश सूर्य कांत तथा जस्टिस जोयमाल्या बागची और वी. मोहना की पीठ ने केंद्र की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसीटर जनरल ऐश्वर्या भाटी की इस बात पर ध्यान दिया कि वह अदालत को संबंधित एसओपी के बारे में जानकारी देंगी। पीठ ने उनसे हफ्तेभर के भीतर ब्योरा देने को कहा है। पीठ ने 12 अक्टूबर के अपने आदेश में भी सॉलिसीटर जनरल से इस तरह का आग्रह किया था। इसमें यह भी निर्देश दिया गया था कि केंद्र के एडवोकेट-आन-रिकॉर्ड और सॉलिसीटर जनरल के कार्यालय को पेपर बुक का पूरा सेट उपलब्ध कराया जाए।

याचिका में एक पारदर्शी और व्यावहारिक व्यवस्था की मांग की गई है, जिसके जरिए सरकारी जाति प्रमाण-पत्रों (जहां भी उपलब्ध हों) के विवरण दर्ज किए जा सकें और सक्षम अधिकारियों के माध्यम से उनकी प्रामाणिकता की जांच की जा सके। याचिका में यह भी कहा गया है कि जाति संबंधी विवरण जुटाने और उनकी जांच के लिए अपनाई जाने वाली कार्यप्रणाली, लागू होने वाली प्रश्नावली और दिशा-निर्देशों का खुलासा किया जाए तथा व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता सुनिश्चित की जाए।

इसके अलावा, याचिका में यह निर्देश देने की मांग की गई है कि जब तक कोई पारदर्शी और सत्यापन योग्य प्रक्रिया लागू नहीं हो जाती, तब तक जनगणना 2027 के दौरान जुटाए गए जाति संबंधी आंकड़ों को आरक्षण नीतियों को बनाने या उनमें बदलाव करने, अथवा कल्याणकारी संसाधनों के जाति-आधारित आवंटन का एकमात्र आधार नहीं माना जाना चाहिए। याचिका में अधिकारियों को निर्देश देने पर जोर दिया गया है कि वे प्रस्तावित प्रक्रिया और उसे लागू करने के लिए उठाए गए कदमों का विवरण देते हुए अदालत के समक्ष शपथ-पत्र पेश करें।