सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) की ओर से फ्रंट ऑफ पैकेज न्यूट्रिशन लेबलिंग (एफओपीएनएल) नियम लागू करने के लिए प्रस्तावित समयसीमा को उचित करार दिया। जस्टिस जेबी पार्डीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की पीठ ने कहा कि एफएसएसएआई ने अपने हलफनामे में बताया है कि वह एफओपीएनएल व्यवस्था लागू करने के लिए एक चरण वाला दृष्टिकोण अपनाना चाहता है।

पीठ के अनुसार, एफएसएसएआई ने कहा है कि मसौदा नियम जारी करने और उन्हें अंतिम रूप देने में करीब चार महीने का समय लगेगा, ताकि खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 तथा संबंधित नियमों के तहत निर्धारित नियामकीय प्रक्रिया पूरी हो सके। कोर्ट ने कहा कि उसे नियमों को लागू करने की एफएसएसएआई की प्रस्तावित समयसीमा वैधानिक प्रक्रिया के अनुरूप और उचित लगती है।

पीठ ने कहा कि आबादी के एक बड़े हिस्से के मौलिक अधिकारों का प्रभावी ढंग से साकार होना इस उपाय से जुड़ा है। हर एक दिन की देरी का अर्थ है कि पैकेट वाले खाद्य पदार्थ ऐसे लेबल के बिना बिकते रहेंगे, जिससे स्वास्थ्य, भोजन और सूचना के अधिकारों को नुकसान पहुंचेगा। इसलिए मसौदा नियम जारी करने में किसी भी देरी से बचना चाहिए।

एफओपीएनएल खाद्य पैकेजिंग पर पोषण संबंधी जानकारी देने वाला एक चित्रात्मक संकेत है, जो उपभोक्ताओं को खाद्य पदार्थ खरीदने और स्वस्थ खानपान के विकल्प चुनने के बारे में सोच-समझकर निर्णय लेने में मदद कर सकता है। पीठ ने स्वास्थ्य विशेषज्ञ और लेखिका एन. विगमोर के शब्दों को उद्धृत करते हुए कहा कि सही भोजन करना तभी संभव है, जब व्यक्ति को पता हो कि वह क्या खा रहा है।