सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार (23 नवंबर) को दल-बदल कानून में व्यापक सुधार की मांग वाली एक जनहित याचिका पर केंद्र और चुनाव आयोग से जवाब मांगा है। चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच ने लॉ कमीशन, कानून एवं न्याय मंत्रालय और संसदीय कार्य मंत्रालय को भी नोटिस जारी किया।
नई दिल्ली में दायर इस याचिका में आरोप लगाया गया है कि निर्वाचित प्रतिनिधि अयोग्यता की कार्रवाई से बचने के लिए रणनीतिक इस्तीफों का इस्तेमाल करते हैं, जिससे चुनी हुई सरकारों के बहुमत और अस्तित्व पर असर पड़ सकता है। यह याचिका ए. सेथु ने वकील आर. सतीश कुमार और जतिन के जरिए दायर की है। इसमें सांसदों और विधानसभा सदस्यों के रणनीतिक इस्तीफों के दुरुपयोग को रोकने के निर्देश देने की मांग की गई है। याचिका के मुताबिक, ऐसे इस्तीफों का इस्तेमाल संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत होने वाली कार्रवाई से बचने के लिए किया जा सकता है।
याचिका में इस्तीफों और अयोग्यता की कार्यवाही पर समयबद्ध, कारणयुक्त और पारदर्शी फैसला सुनिश्चित करने की मांग की गई है। इसमें स्पीकर-केंद्रित फैसले की व्यवस्था की संस्थागत समीक्षा कराने का निर्देश देने की भी मांग की गई है। याचिका में कहा गया है कि त्रिशंकु विधानसभा में सरकार बनाने के लिए बहुमत का परीक्षण केवल विधिवत गठित सदन के फ्लोर पर होना चाहिए, जिसके लिए सदस्यों को अनुच्छेद 188 के तहत शपथ दिलाई जानी चाहिए। बहुमत का फैसला सदन के बाहर समर्थन पत्रों या प्रदर्शनों के जरिए नहीं होना चाहिए।
याचिका में आरोप लगाया गया है कि अयोग्यता की कार्रवाई का सामना कर रहे या इसकी आशंका वाले विधायक और सांसद अक्सर रणनीतिक इस्तीफा दे देते हैं। वे ऐसा स्पीकर या चेयरमैन के मामलों पर गुण-दोष के आधार पर फैसला देने से पहले करते हैं। याचिका के मुताबिक, ऐसे इस्तीफों से राजनीतिक गठजोड़ बदलने और विधानसभा की संख्या-बल में बदलाव का रास्ता खुल सकता है। इसमें मांग की गई है कि जब किसी सांसद या विधानसभा सदस्य के खिलाफ दसवीं अनुसूची के तहत अयोग्यता की कार्यवाही लंबित हो या जल्द शुरू होने की उचित आशंका हो, तब उसका इस्तीफा अपने आप उस कार्यवाही को खत्म न करे और न ही उसे निरर्थक बनाए। याचिका में स्पीकर या चेयरमैन को इस्तीफे की स्वेच्छा और वास्तविकता पर वस्तुनिष्ठ सामग्री के आधार पर कारणयुक्त आदेश देने और अयोग्यता याचिका पर अलग से फैसला करने का निर्देश देने की मांग की गई है।
