महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) को लेकर अटकलों का दौर जारी है। चर्चा है कि वरिष्ठ नेता शरद पवार ने अपनी बेटी और लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले के लिए मुख्यमंत्री पद की मांग रखी है। हालांकि, भारतीय जनता पार्टी या एनसीपी (एसपी) की ओर से इस पर कोई औपचारिक घोषणा नहीं हुई है और आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है।

न्यू इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, सूत्रों का कहना है कि भाजपा के शीर्ष नेताओं के साथ शरद पवार की बातचीत चल रही है। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि पवार ने सुप्रिया सुले के लिए मुख्यमंत्री पद की मांग रखी है और कहा है कि बदले में वह प्रस्तावित विधेयकों पर सरकार का समर्थन करेंगे। ये घटनाक्रम ऐसे समय में हो रहे हैं, जब खबरें हैं कि सरकार परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों को पारित कराने की कोशिश में है। इसके लिए दो तिहाई बहुमत की जरूरत होगी। अभी शीतकालीन सत्र का ऐलान नहीं हुआ है।

रिपोर्ट के मुताबिक, सूत्र बताते हैं कि भाजपा ने शुरुआत में सुप्रिया सुले को केंद्रीय मंत्री पद की पेशकश भी की थी। केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने भी ऐसे संकेत दिए थे। उन्होंने कहा था कि अगर सुले कैबिनेट में आती हैं तो उन्हें खुशी होगी। उन्होंने यह भी कहा था कि अगर शरद पवार 2019 में एनडीए के साथ आते तो राष्ट्रपति बन सकते थे। आठवले ने कैबिनेट विस्तार में नए चेहरों को मौका मिलने की संभावना जताई थी।

इस बीच, पवार के अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पवार की बात हुई थी। एनसीपी (एसपी) नेता के करीबी विट्ठल सेठ मनियार ने बताया था कि प्रधानमंत्री ने फोन पर पवार की तबीयत पूछी और कहा था कि सुप्रिया अब तैयार हैं। वहीं, सुप्रिया सुले ने 16 नवंबर को परिसीमन पर कहा था कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक हर राज्य के लिए एक ही फॉर्मूला होना चाहिए और परिसीमन के दौरान महिला आरक्षण लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा था कि उन्हें अभी परिसीमन संबंधी पूरा विधेयक नहीं मिला है और प्रावधानों को पढ़ने के बाद ही वह अपना रुख तय करेंगी।