मुंबई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने परिसीमन विधेयक को समर्थन देने के संकेत दिए हैं। सुले ने कहा कि विधेयक पेश होने पर उस पर चर्चा की जाएगी और अगर यह देश के हित में हुआ तो उसका समर्थन किया जाएगा। यह बयान ऐसे समय में आया है जब कुछ दिनों में संसद का शीतकालीन सत्र शुरू होने वाला है।

सुले ने कहा कि पहलगाम पर हमले के दौरान शरद पवार ने कहा था कि यह भारत पर हमला है और हम देश के साथ खड़े हैं, जिसके बाद पूरे विपक्ष ने इसे मान लिया था। उन्होंने कहा कि देश के हित में जीएसटी और महिला आरक्षण विधेयक एकमत से पास किए गए और ऐसे कई विधेयक हैं जिन्हें विपक्ष और सत्ता पक्ष ने मिलकर पारित किया है। उनके अनुसार सशक्त लोकतंत्र में चर्चा होनी चाहिए और सुझाव कोई भी दे सकता है। सुले ने यह भी कहा कि परिसीमन बिल को लेकर अब तक किसी ने फोन नहीं किया है, सिर्फ कपिल सिब्बल ने बात की है।

जानकारी के मुताबिक, 15 दिसंबर से संसद का शीतकालीन सत्र होने की संभावना है, जिसमें परिसीमन बिल पेश करने की उम्मीद जताई जा रही है। परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को पास कराने के लिए लोकसभा में 361 और राज्यसभा में 162 सदस्यों का समर्थन जरूरी है। लोकसभा में बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए के 318 सांसद हैं, जबकि राज्यसभा में सत्ता पक्ष के पास 153 सांसद हैं। दोनों सदनों में अभी 3-3 सीटें रिक्त हैं।

एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के लोकसभा में सात और राज्यसभा में एक सांसद हैं। बता दें कि पहले पेश किए गए परिसीमन बिल में लोकसभा सदस्यों की संख्या 540 से बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव किया गया था, जिसमें 33 फीसदी सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी।