सूरत में एक परिवार के छह सदस्यों के अपहरण और चार की हत्या का मामला बीमा फर्जीवाड़े से जुड़ा होने का एंगल सामने आया है। पुलिस के अनुसार, मृतक दंपति कविता और नितेश पाटिल पर पहले भी 50 लाख रुपये के फर्जी बीमा क्लेम का आरोप था। जलगांव के मेहुनबारे पुलिस स्टेशन में 19 नवंबर को दर्ज शिकायत में आरोप लगाया गया था कि दंपति ने कविता के पूर्व पति संजय पाटिल की मौत को सड़क दुर्घटना बताकर झूठा दावा किया, जबकि पुलिस सूत्रों के मुताबिक उनकी मृत्यु टीबी से हुई थी। एफआईआर के अनुसार, जांच में खामियां पकड़े जाने की आशंका पर कविता ने 50 लाख का दावा वापस ले लिया था, लेकिन आरोपियों ने डेबिट कार्ड के साथ मिलने वाले बीमा कवर के तहत 10 लाख रुपये का दावा कर रकम हासिल कर ली थी।
सूरत के पुलिस अधीक्षक राजेश गढ़िया ने बताया कि आशंका है कि फर्जीवाड़े में शामिल अन्य लोगों ने अपना राज छिपाने के लिए दंपति और उनके परिवार की हत्या करवाई, लेकिन असली मकसद की पुष्टि मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हो सकेगी।
पूरा परिवार 21 नवंबर को जलगांव के एरंडोल से एक वैन से निकला था, जिसके बाद गुजरात के बारडोली के पास सभी छह सदस्यों का अपहरण कर लिया गया। अगले दिन रविवार को कविता का शव एक नहर से बरामद हुआ, जबकि मंगलवार को नितेश उर्फ भूरियो और कविता की पहली शादी से हुई 9 वर्षीय बेटी स्वीटी के शव मिले। गुरुवार को बारडोली ग्रामीण पुलिस थाना क्षेत्र में कविता और नितेश के 2 वर्षीय बेटे प्रथमेश का शव भी बरामद किया गया। कविता का 16 वर्षीय बेटा अब भी लापता है, जबकि 13 वर्षीय बेटा नहर में धकेले जाने के बाद तैरकर बाहर निकला और उसने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने अपहरण और हत्या की इस वारदात में कथित भूमिका के लिए 34 वर्षीय दयानंद उर्फ खंडियो भदाने को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि भदाने को हत्या के पीछे के असली मकसद की जानकारी नहीं है और उसने अन्य आरोपियों के निर्देश पर काम किया था। इस मामले में कम से कम तीन अन्य संदिग्ध फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस की छह टीमें जुटी हैं और जलगांव पुलिस भी सूरत पुलिस के साथ मिलकर जांच में सहयोग कर रही है।
