सुजुकी ने अपनी लोकप्रिय इग्निस नेमप्लेट को कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक सिटी कार के रूप में पेश किया है, लेकिन फिलहाल यह यूरोपीय बाजार के लिए है, भारत के लिए नहीं। कंपनी ने स्मॉल इलेक्ट्रिक व्हीकल सेगमेंट में ई-स्काई के बाद इग्निस ईवी के जरिये एंट्री की है। जापानी बाजार में इस साल की शुरुआत में लॉन्च हुई ई-स्काई से प्रेरित यह कार अगले साल की गर्मियों में यूरोप में बिक्री के लिए उपलब्ध होगी।

HEARTECT-e प्लेटफॉर्म पर बनी इस 4-सीटर कार में 26 kWh की एलएफपी बैटरी, 67 किलोवॉट (करीब 90 बीएचपी) पावर वाली मोटर और 50 kW डीसी फास्ट चार्जिंग दी गई है। कंपनी के अनुसार, 3.7 kW घरेलू एसी सप्लाई से चार्जिंग में करीब 8 घंटे, 7.4 kW एसी चार्जर से करीब 4 घंटे और 50 kW डीसी फास्ट चार्जर से 30 मिनट से भी कम समय लगता है। यूरोपीय मॉडल की आधिकारिक रेंज अभी घोषित नहीं की गई है, जबकि जापानी ई-स्काई की दावा की गई रेंज 310 किलोमीटर है।

सुजुकी के चीफ इंजीनियर तोमोयुकी त्सुबाता के मुताबिक, यह ई-स्काई का महज रीबैज मॉडल नहीं है, बल्कि दोनों मॉडलों को शुरुआती चरण से अलग-अलग बाजारों की जरूरतों के हिसाब से डेवलप किया गया है। यूरोपीय स्पेसिफिकेशन वाली इग्निस ईवी की लंबाई 3570 एमएम, चौड़ाई 1565 एमएम, ऊंचाई 1635 एमएम और व्हीलबेस 2460 एमएम है। कार का वजन मात्र 1080 किलोमीटर ग्राम है और शहरी ड्राइविंग के लिए इसमें 4.5 मीटर का टर्निंग रेडियस दिया गया है। डिजाइन में बॉक्सी सिल्हूट बरकरार रखा गया है, जिसमें डार्क हॉरिजॉन्टल पैनल से जुड़ी रेक्टेंगुलर लाइटिंग यूनिट्स और कॉन्ट्रास्टिंग बंपर सेक्शन शामिल हैं।

भारत में मारुति सुजुकी ने पेट्रोल इग्निस को अप्रैल 2026 में बंद किया था, जिसके बाद इसके ईवी अवतार की वापसी की उम्मीदें जताई जा रही हैं। यूरोप में कीमतों का ऐलान लॉन्च के करीब किया जाएगा। जापान में ई-स्काई को A और X ट्रिम्स में क्रमशः 2.12 मिलियन येन और 2.79 मिलियन येन में पेश किया गया था, जहां सब्सिडी के बाद बेस मॉडल की प्रभावी कीमत लगभग 1.55 मिलियन येन (करीब 9.50 लाख रुपये) रह गई थी। यूरोप में लॉन्च के बाद इसका मुकाबला डेसिया स्प्रिंग, रेनो ट्विंगो और बीवाईडी डॉल्फिन सर्फ जैसी किफायती इलेक्ट्रिक कारों से होगा।