नई दिल्ली। मुंबई में 2008 के 26 नवंबर आतंकी हमले के आरोपी तहव्वुर हुसैन राणा को विशेष एनआईए अदालत ने अपनी नवजात पोती से वीडियो कॉल पर बात करने की अनुमति दी है। यह आदेश बुधवार को हमले की बरसी से एक दिन पहले सुनाया गया। राणा 10 अप्रैल, 2025 से तिहाड़ जेल की हाई-सिक्योरिटी सेल में बंद है और अमेरिका से प्रत्यर्पित करके भारत लाया गया था।

राणा की ओर से न्याय मित्र निशांत सिंह ने आवेदन दायर कर अमेरिका में रह रहे परिवार से वीडियो कॉल के जरिए बात करने की अनुमति मांगी थी। आवेदन में बताया गया कि वह 10 अप्रैल, 2025 से हिरासत में है और तब से अपने परिवार और नवजात पोती को नहीं देख पाया है। हालांकि, उसे फोन कॉल की सुविधा मिल रही है।

विशेष न्यायाधीश प्रशांत शर्मा ने दलीलें सुनने के बाद राणा को तिहाड़ जेल से 14 दिसंबर और चार जनवरी, 2027 को परिवार के साथ 10 मिनट की वीडियो कॉल करने की अनुमति दी। अदालत ने यह अनुमति कुछ शर्तों के साथ दी है। एक शर्त के मुताबिक वीडियो कॉल जेल अधीक्षक की मौजूदगी में होगी और उसे रिकॉर्ड भी किया जाएगा।

अदालत ने निर्देश दिया कि तय तारीखों पर वीडियो कॉल शाम छह बजे से सात बजे के बीच की जाएगी। साथ ही कहा गया कि पहले जेल अधीक्षक कॉल पर 'हेलो' कहेंगे और दूसरी तरफ से जवाब मिलने के बाद ही वह राणा को कॉल सौंपेंगे। कोर्ट ने यह भी कहा कि आरोपी भविष्य में इन आधारों पर ऐसी किसी सुविधा की मांग नहीं करेगा।