तमिलनाडु के कन्याकुमारी जिले में नागरकोइल रेलवे यार्ड में 54 वर्षीय महिला से कथित रेप के बाद हत्या कर दी गई। उसका शव 13 नवंबर की आधी रात एक खाली रेलवे कोच में मिला, जिसकी सफाई की जा रही थी। इस कोच को दूसरी ट्रेन में इस्तेमाल किया जाना था। पुलिस ने जांच शुरू करने के छह घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

रेलवे एसपी (त्रिची) आदर्श पचेरा के मुताबिक, महिला की पहचान उसकी सांप के डिजाइन वाली सोने की अंगूठी से हुई। अंगूठी पर दर्ज हॉलमार्क की मदद से पुलिस गुजरात के विक्रेता तक पहुंची, जिसने बताया कि अंगूठी रायपुर के एक ज्वेलरी रिटेलर को भेजी गई थी। इसके बाद पुलिस ने महिला की पैन डिटेल्स हासिल कीं और खरीद के समय दिए गए मध्य प्रदेश के पते से उसके परिवार तक पहुंच गई। महिला अपने कस्बे से पिछले तीन महीने से लापता बताई जा रही थी। उसके पति और बच्चे कन्याकुमारी के लिए रवाना हो चुके हैं।

जांचकर्ताओं ने शुरुआत में तीन संदिग्धों पर ध्यान केंद्रित किया था। रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज में सफेद कपड़े पहने एक व्यक्ति कोच से बाहर निकलते दिखा। पूछताछ में उसने कथित तौर पर अपराध कबूल कर लिया। आरोपी को स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर घूमने वाला भिखारी बताया गया है। जांचकर्ताओं के मुताबिक, आरोपी की महिला से पहले कुछ बार मुलाकात हुई थी। उसने महिला को खाली कोच में ले जाकर कथित तौर पर जबरदस्ती की और रेप के बाद उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी की खून से सनी शर्ट भी बरामद की है, जिसे उसने एक गड्ढे में फेंक दिया था। तमिलनाडु रेलवे के डीजीपी के. वन्निया पेरुमल ने जांच की तारीफ करते हुए कहा कि एसपी आदर्श पचेरा नागरकोइल में डटे रहे और आरोपी छह घंटे में गिरफ्तार कर लिया गया।

महिला का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है, जिससे मौत की वजह और रेप की पुष्टि होगी। शुरुआती जांच में महिला की पसलियों में फ्रैक्चर मिला है। जांचकर्ताओं के मुताबिक, आरोपी ने रेप और हत्या की बात कबूल की है। उसने कथित तौर पर हाथों से हमला किया और महिला की छाती पर लात मारी। पुलिस के अनुसार, हमले में किसी हथियार का इस्तेमाल नहीं किया गया।