टाटा ग्रुप में टाटा संस के चेयरमैन के रूप में एन. चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति का मामला अब अदालत तक पहुंच गया है। रिपोर्ट के अनुसार, टाटा ट्रस्ट्स ने इस नियुक्ति को चुनौती देते हुए बॉम्बे हाईकोर्ट में कानूनी कार्रवाई शुरू करने की मंजूरी दी है। सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट (एसडीटीटी) और रतन टाटा ट्रस्ट (आरडीटीटी) ने 25 नवंबर को सर्कुलर प्रस्तावों के जरिए इस कार्रवाई को मंजूरी दी।

ट्रस्ट्स 17 सितंबर को टाटा संस के बोर्ड द्वारा चंद्रशेखरन को 21 फरवरी 2027 से शुरू होने वाले अगले पांच साल के कार्यकाल के लिए दोबारा नियुक्त करने के फैसले की वैधता को चुनौती देना चाहते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रस्ट्स ने बोर्ड के इस फैसले को अमान्य घोषित करने और 65 करोड़ रुपए के हर्जाने की मांग की है। इसमें एसडीटीटी के माध्यम से 50 करोड़ रुपए और आरडीटीटी के जरिए 15 करोड़ रुपए शामिल हैं। इसके अलावा 18 प्रतिशत ब्याज की भी मांग की गई है।

ट्रस्ट्स ने 30 नवंबर की बोर्ड बैठक में चेयरमैन को 'कास्टिंग वोट' यानी निर्णायक मत देने से रोकने की भी मांग की है। इस बैठक में टाटा संस के शेयर मार्केट में लिस्ट होने के प्रस्ताव पर चर्चा की उम्मीद है। मामले से जुड़े एक अधिकारी ने रिपोर्ट के अनुसार कहा, "हमारे पास हाई कोर्ट जाने के अलावा कोई विकल्प नहीं था। शेयरधारकों के अधिकारों को और अधिक नुकसान पहुंचाने से पहले हमें कदम उठाना जरूरी था।"

यह मामला टाटा संस के एसोसिएशन ऑफ आर्टिकल्स के अनुच्छेद 121 से जुड़ा है। ट्रस्ट्स का तर्क है कि इसके तहत बोर्ड के कुछ विशेष फैसलों के लिए टाटा ट्रस्ट्स की ओर से नामित निदेशकों के बहुमत की सहमति जरूरी है। बताया गया है कि 17 सितंबर की बैठक में नोएल टाटा ने प्रस्ताव का विरोध किया था, जबकि ट्रस्ट्स की ओर से नामित निदेशक वेणु श्रीनिवासन ने इसका समर्थन किया था। रिपोर्टों के अनुसार, बैठक की अध्यक्षता कर रहे स्वतंत्र निदेशक हरीश मनवानी ने अपने कास्टिंग वोट का इस्तेमाल करते हुए प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया था। ट्रस्ट्स का कहना है कि कास्टिंग वोट अनुच्छेद 121 के तहत अनिवार्य सकारात्मक मतदान की शर्त को दरकिनार नहीं कर सकता, इसलिए यह प्रस्ताव अमान्य है।