पटना। बिहार विधान परिषद के आठ नवनिर्वाचित सदस्यों के शपथ ग्रहण के बाद दो सदस्यों की सदस्यता को लेकर सियासी विवाद फिर गरमा गया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित बंशीधर ब्रजवासी और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से चुने गए राहुल राज के शपथ ग्रहण पर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि दोनों की सदस्यता नियमों के अनुरूप नहीं है।

तेजस्वी यादव ने कहा कि वह इस मामले में फिर से विधान परिषद के सभापति के समक्ष अपनी बात रखेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि सभापति के स्तर पर उनकी आपत्ति पर सुनवाई नहीं होती है तो वह मामले को लेकर हाईकोर्ट जाएंगे। उनके अनुसार कानून और नियमावली के हिसाब से दोनों की सदस्यता जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने शपथ लेने वाले अन्य नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई भी दी।

बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज दोनों निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में विधान परिषद का चुनाव जीतकर पहुंचे हैं। दोनों की सदस्यता को लेकर पहले भी विवाद सामने आया था और तेजस्वी यादव इससे पूर्व भी विधान परिषद के सभापति के समक्ष इस संबंध में आपत्ति दर्ज करा चुके हैं। अब दोनों सदस्यों के शपथ ग्रहण के बाद उन्होंने एक बार फिर इस मुद्दे को उठाने की बात कही है और संकेत दिया है कि इस मामले में वह कानूनी लड़ाई भी लड़ेंगे।

इससे पहले सोमवार को बिहार विधान परिषद के आठ नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई गई। इस मौके पर उपसभापति रामवचन राय, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव समेत अन्य नेता मौजूद रहे। शपथ ग्रहण के बाद तेजस्वी यादव के बयान से विधान परिषद की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। अब देखना होगा कि सभापति के समक्ष उनकी आपत्ति पर क्या निर्णय होता है और मामला आगे अदालत तक पहुंचता है या नहीं।