तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के एक बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि उन्होंने अपनी ही पार्टी के कुछ विधायकों के बारे में कहा कि उन्हें पागल कुत्तों ने काट लिया है। हालांकि, रेड्डी ने किसी विधायक का नाम नहीं लिया। इस बयान पर मुनुगोडे विधायक कोमातिरेड्डी राज गोपाल रेड्डी ने आपत्ति जताई है। उन्होंने विधायकों की प्रतिष्ठा पर सवाल उठाया और सरकार के भ्रष्टाचार मुक्त शासन के दावे पर भी सवाल खड़े किए।
राज गोपाल रेड्डी ने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री सिर्फ उन्हीं लोगों की सुनते हैं जो उनकी सर्किल में शामिल हैं। उनका आरोप है कि विकास निधि कोंडांगल और अन्य मंत्रियों के विधानसभा क्षेत्रों के लिए ही जारी की जाती है, जबकि दूसरे विधायकों को बुनियादी विकास कार्यों के लिए धन आवंटित कराने के लिए भी संघर्ष करना पड़ता है। उन्होंने इस मुद्दे पर राजनीतिक कुरुक्षेत्र की चेतावनी भी दी है।
असंतोष सिर्फ राज गोपाल रेड्डी तक सीमित नहीं है। जडचेरला विधायक जे अनिरुद्ध रेड्डी ने आरोप लगाया है कि सरकारी अधिकारी ठेकेदारों से छोटे विकास कार्यों के लिए भी 10-20 फीसदी कमीशन मांग रहे हैं और अवैध भुगतान न होने तक बिल रोक दिए जाते हैं। उन्होंने करीब 40 करोड़ रुपए के लंबित विकास कार्य बिलों का मुद्दा उठाया और अनिश्चितकालीन अनशन की धमकी दी है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस महीने की शुरुआत में दिल्ली में इंडिया ब्लॉक रैली के दौरान वरिष्ठ मंत्री दमोदर राजनारसिम्हा और जुक्कल के विधायक टी लक्ष्मीकंठ राव के बीच जबर्दस्त बहस हुई थी। वहीं, उद्योग मंत्री डी श्रीधर बाबू और पेड्डापल्ली सांसद जी वामशी कृष्णा के बीच भी मतभेद रहे हैं। इन विवादों को लेकर कांग्रेस हाईकमान के पास शिकायतें पहुंचने लगी हैं और नए पार्टी प्रभारी को इन पर काम करने के लिए कहा गया है।
