तेलंगाना में सत्ताधारी कांग्रेस के भीतर चल रहा विवाद खुलकर सामने आ गया है। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी पर पार्टी के अंदर से ही भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे हैं और आलोचना हो रही है। राज्य की मंत्री कोंडा सुरेखा के बाद अब मुनुगोड़े के विधायक राजगोपाल रेड्डी ने भी मुख्यमंत्री पर निशाना साधा है। राजगोपाल रेड्डी ने आरोप लगाया कि रेवंत रेड्डी सरकार सरकारी फंड बांटने में उनके इलाके के साथ भेदभाव कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उनके इलाके का फंड रोका गया तो यहां एक और 'कुरुक्षेत्र' जैसी लड़ाई शुरू हो सकती है।
गुरुवार को एक सार्वजनिक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने भी राजगोपाल रेड्डी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ नेता लोगों के सामने सरकार की आलोचना करते हैं, लेकिन अकेले में सरकार की तारीफ करते हैं। मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद दोनों नेताओं के बीच जुबानी जंग और तेज हो गई है।
शुक्रवार को राजगोपाल रेड्डी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को जवाब दिया। उन्होंने X पर लिखा कि बड़े पदों पर बैठे वरिष्ठ नेताओं को सम्मान के साथ बात करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सत्ता के घमंड में अपनी मनमर्जी चलाने से लोग खुश नहीं होते और तेलंगाना की जनता तथा इतिहास सत्ता का गलत इस्तेमाल करने वाले शासकों को कभी माफ नहीं करेंगे।
