हैदराबाद: तेलंगाना की कांग्रेस सरकार ने इस साल भी क्रिसमस सेलिब्रेशन के लिए हर रजिस्टर्ड चर्च को 30 हजार रुपये की वित्तीय सहायता देने का फैसला किया है। अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय ने 21 नवंबर को एक नोट जारी कर बताया कि क्रिसमस से पहले चर्चों की पुताई और लाइटिंग के लिए राज्य सरकार की ओर से यह सहायता दी जा रही है। इसके लिए चर्चों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन की प्रक्रिया 23 नवंबर से शुरू हो चुकी है।
नोटिफिकेशन के मुताबिक, चर्च 30 नवंबर तक आवेदन कर सकेंगे। नियम के अनुसार, पुताई के लिए 20 हजार और लाइटिंग के लिए 10 हजार रुपये दिए जाएंगे। सहायता के लिए आवेदन तेलंगाना ऑनलाइन बेनिफिशियरी मैनेजमेंट एंड मॉनिटरिंग सिस्टम (TG-OBMMS) पोर्टल के जरिए किए जा रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार तक एक हजार से अधिक चर्चों ने आवेदन किया है। इस सहायता में ग्रेटर हैदराबाद, साइबराबाद और मलकजगिरी नगर निगमों के अंतर्गत आने वाले चर्च भी शामिल हैं।
बीजेपी ने इस फैसले पर सीएम रेवंत रेड्डी की आलोचना की है। बीजेपी प्रवक्ता विनूषा रेड्डी ने गुरुवार को एक्स पर एक पोस्ट के जरिए चर्चों को आर्थिक सहायता देने के फैसले पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एक तरफ सीएम रेवंत रेड्डी राज्य का खजाना खाली होने और विकास कार्यों के लिए फंड की कमी की बात करते हैं, वहीं दूसरी तरफ उनकी सरकार क्रिसमस समारोह के लिए चर्चों को 30 हजार रुपये दे रही है। उन्होंने पूछा कि अगर खजाने की स्थिति इतनी खराब है, तो प्राथमिकता क्या है।
