गुरुवार को बुद्धभूमि कुशीनगर में थाईलैंड के 40 सदस्यीय दल ने भगवान बुद्ध के प्रति श्रद्धा अर्पित करते हुए विश्व शांति और मानव कल्याण की कामना की। यंग एंबेसडर ऑफ वर्च्यू फाउंडेशन के इस दल ने महापरिनिर्वाण मंदिर में बुद्ध की लेटी प्रतिमा पर चीवर चढ़ाकर विशेष पूजा की। दिल्ली स्थित थाईलैंड दूतावास के डिप्टी चीफ ऑफ मिशन मुंगटीन के नेतृत्व में आए दल ने सबसे पहले मंदिर में पूजा-अर्चना की। थाई बुद्धिस्ट मोनास्ट्री के चीफ मांक ने सदस्यों को कुशीनगर के ऐतिहासिक महत्व और भगवान बुद्ध से इसके गहरे संबंधों की जानकारी दी।
इसके बाद दल ने बुद्ध के अंतिम संस्कार स्थल रामाभार स्तूप का दर्शन-पूजन किया और बुद्ध के धातु वितरण स्थल पर भी श्रद्धा निवेदित की। दल ने प्रातःकाल थाई मोनास्ट्री के उपोसथ हाल में आयोजित पूजा कार्यक्रमों में भाग लिया। इसके बाद मोनास्ट्री द्वारा संचालित टोंकला बुद्धिस्ट संडे स्कूल के बच्चों के कार्यक्रम में शामिल हुआ, जहां भारतीय और थाई बच्चों ने एक-दूसरे से महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं और बौद्ध संस्कृति, परंपरा तथा सदाचार से जुड़े अनुभवों पर संवाद किया।
यात्रा का उद्देश्य बच्चों को बुद्ध के प्रमुख स्थलों का दर्शन कराने के साथ विभिन्न देशों के बच्चों के बीच सांस्कृतिक समझ और अनुभवों का आदान-प्रदान बढ़ाना है। दल में 20 स्कूली बच्चे, 10 शिक्षक, चार स्कूल डायरेक्टर और फाउंडेशन के अधिकारी शामिल हैं। कक्षा पांच और छह में पढ़ने वाले इन बच्चों की उम्र 11 से 12 वर्ष है। थाई बुद्धिस्ट मोनास्ट्री के मांक इंचार्ज फ्रामहा सोंगक्रान ने बताया कि दल शुक्रवार 27 नवंबर को सुबह आठ बजे सोनौली सीमा के रास्ते नेपाल के लुंबिनी के लिए रवाना होगा।
यह यात्रा 23 नवंबर से दो दिसंबर तक भारत और नेपाल में थाई विदेश मंत्रालय, नई दिल्ली व काठमांडू स्थित रॉयल थाई एंबेसी तथा कोलकाता स्थित रॉयल थाई वाणिज्य दूतावास के सहयोग से आयोजित की जा रही है। मौके पर थाई दूतावास के पुरीवात रूंगसित, पर्यटन सूचना अधिकारी डॉ. प्राण रंजन, आर्यवीर शर्मा, अंबिकेश त्रिपाठी, अमिताभ त्रिपाठी, पर्यटक थानाध्यक्ष शरद भारती और इंस्पेक्टर सुरेश पांडेय आदि मौजूद रहे।
