कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा धाम तिगरी में लगने वाले उत्तर भारत के प्रसिद्ध मेले को लेकर मंडी धनौरा क्षेत्र के श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। मेले में पहुंचने का सिलसिला जारी है। कोई अपने साथ टेंट लेकर पहुंच रहा है तो कोई घर से ही खाने-पीने का सामान जुटाकर कई दिन मेले में बिताने की तैयारी कर रहा है। क्षेत्र के तमाम परिवारों के लिए तिगरी मेला केवल गंगा स्नान का पर्व नहीं, बल्कि वर्षों पुरानी परंपरा, आस्था और पारिवारिक मेल-मिलाप का खास अवसर भी है।
क्षेत्र के सैकड़ों परिवार हर साल मेले में पहुंचते हैं। ये परिवार गंगा की रेती पर टेंट लगाकर कई दिन तक प्रवास करते हैं। इसके लिए घर से ही बिस्तर, टेंट और खाद्य सामग्री लेकर आते हैं। गंगा की रेती पर अस्थायी आशियाना बनाकर रहना और मेले की रौनक के बीच परिवार के साथ समय बिताना इनके लिए किसी उत्सव से कम नहीं है।
24 नवंबर को मुख्य स्नान पर्व है। इससे पहले ही मेले में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। मुख्य स्नान तक गंगा की रेती पर बड़ी संख्या में परिवार अपने टेंट लगाकर रहेंगे। मंडी धनौरा क्षेत्र के श्रद्धालुओं में भी मेले को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
ततारपुर गर्वी के सचिन चौधरी के अनुसार, तिगरी मेले में हर साल परिवार के साथ आते हैं और गंगा की रेती पर टेंट लगाकर रहने तथा मां गंगा के दर्शन करने का अलग ही आनंद है। अम्हेड़ा के सतवीर चौधरी ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा के मेले का पूरे साल इंतजार रहता है और परिवार के साथ कई दिन मेले में बिताना उनकी पुरानी परंपरा का हिस्सा बन चुका है। मुर्गपुर के मयंक कुमार के मुताबिक, मेले में आकर घर जैसा ही माहौल मिलता है। इब्राहिमपुर उर्फ विरामपुर के धर्मवीर भाटी ने कहा कि हर साल मेले में आने की कोशिश रहती है और यहां परिवार के साथ समय बिताने तथा मेले की रौनक देखने का अनुभव ही अलग है।
