तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी की चोटी पर कार्तिगई दीपम जलाने के सुप्रीम कोर्ट के आदेश का उल्लंघन करने के आरोप में मदुरै के ज़िलाधिकारी समेत चार अधिकारियों के ख़िलाफ़ सुप्रीम कोर्ट में अदालत की अवमानना की याचिका दायर की गई है। वकील रामसुप्पु ने बुधवार (25 नवंबर) को यह याचिका दायर की। याचिका मदुरै के ज़िलाधिकारी, मदुरै शहर के पुलिस आयुक्त, हिंदू धार्मिक और धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग के आयुक्त और तिरुपरनकुंद्रम सुब्रमण्यम स्वामी मंदिर के कार्यकारी अधिकारी के ख़िलाफ़ दायर की गई है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि अधिकारियों ने 20 नवंबर के सुप्रीम कोर्ट के आदेश और उस पर अमल के लिए मद्रास हाई कोर्ट को दिए गए आश्वासन की अनदेखी की।

सुप्रीम कोर्ट ने 24 नवंबर को कार्तिगई दीपम के दिन तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी की चोटी पर एक बार दीपक जलाने की सशर्त अनुमति दी थी। हालांकि, उस दिन पहाड़ी की चोटी पर दीपक नहीं जलाया गया। मंदिर प्रशासन ने उचिप पिल्लयार मंडपम में कार्तिगई दीपम जलाया, जहां आम तौर पर दीपक जलाया जाता है। बुधवार सुबह जस्टिस अरविंद कुमार और विपुल पंचोली की पीठ के सामने मामले की सुनवाई हुई। मदुरै के ज़िलाधिकारी की ओर से पेश वरिष्ठ वकील गोपाल शंकरनारायणन ने अदालत को बताया कि पहाड़ी की चोटी पर दीपक नहीं जलाया गया। ज़िलाधिकारी की ओर से दाख़िल रिपोर्ट में कहा गया है कि आदेश पर अमल के लिए हर संभव क़दम उठाए गए थे और मंदिर प्रशासन ने दीपक जलाने वालों के नाम नहीं दिए थे। रिपोर्ट के मुताबिक़, दीपक नहीं जलाए जाने के लिए ज़िलाधिकारी ने माफ़ी भी मांगी है। वहीं, याचिकाकर्ता के वकील ने दलील दी कि दीपक नहीं जलाना अदालत के आदेश का उल्लंघन था और उचिप पिल्लयार मंदिर के पास जलाए गए दीपक को दीपस्तंभ पर जलाया जाना चाहिए था।

यह मुद्दा अब राजनीतिक बहस का विषय बन गया है। कांग्रेस, वीसीके और वामपंथी दलों ने पहाड़ी की चोटी पर दीपक नहीं जलाने के फ़ैसले का स्वागत किया है। तमिलनाडु बीजेपी के नेता एन नागेंद्रन ने सरकार की आलोचना करते हुए कहा है कि उसने उपचुनावों में अल्पसंख्यकों के वोट हासिल करने और सत्ता में बने रहने के लिए न्यायपालिका की गरिमा का सम्मान नहीं किया। बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता नारायणन तिरुपति ने चेतावनी दी है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर अमल करने से इनकार करने के लिए टीवीके सरकार को नतीजे भुगतने होंगे। वरिष्ठ अधिवक्ता केएम विजयन का कहना है कि सरकार को इस मामले में किसी बड़ी मुश्किल का सामना नहीं करना पड़ेगा; आदेश के उल्लंघन पर अवमानना का नोटिस जारी होगा और सरकार सफ़ाई देगी, जबकि सज़ा मिलने की संभावना कम है।