तमिलनाडु के तिरुपरंकुंद्रम में दीपाथून स्तंभ पर कार्तिगई दीपम न जलाए जाने के विरोध में हुए प्रदर्शन के सिलसिले में भाजपा और हिंदू संगठनों के करीब 300 सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मदुरै पुलिस के हवाले से बुधवार को यह जानकारी दी गई। इन लोगों पर बिना अनुमति के गैर-कानूनी तरीके से इकट्ठा होने, सार्वजनिक शांति भंग करने, विवादित बयान देने और सरकारी कर्मचारियों को उनके काम में बाधा डालने सहित छह धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया था कि कार्तिगई दीपम के अवसर पर शाम 6 बजे दीपाथून स्तंभ पर दीप प्रज्वलित किया जाए। हालांकि, भारी सुरक्षा व्यवस्था और तनाव के बीच दीपाथून के बजाय तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ियों पर स्थित उची पिल्लयार मंदिर में वार्षिक महा दीपम जलाया गया। तय समय से पहले ही दीपाथून के पास भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया था, जिसके बाद सुब्रमण्य स्वामी मंदिर के पुजारियों की एक छोटी टीम ने उची पिल्लयार मंदिर में दीप जलाने की रस्म पूरी की।

इसके बाद भाजपा और हिंदू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और राज्य सरकार पर सुप्रीम कोर्ट के निर्देश का पालन नहीं किए जाने का आरोप लगाया। इस दौरान कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया।

याचिकाकर्ता निरंजन एस. कुमार और भाजपा नेता तमिलिसाई सुंदरराजन ने राज्य सरकार पर सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश की जानबूझकर अवहेलना करने और उची पिल्लयार मंदिर में दीप जलाकर भेदभावपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। निरंजन एस. कुमार ने कहा कि अब सुप्रीम कोर्ट में अवमानना याचिका दायर करने के अलावा कोई और विकल्प नहीं बचा है।