तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) के पीजी मनोविज्ञान विभाग में शुक्रवार को 'भारतीय ज्ञान परंपरा और सतत विकास लक्ष्य-4 : वैश्विक परिदृश्य' विषय पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन हुआ। प्रभारी कुलपति प्रो. रंजना, मुख्य अतिथि बिहार विधान परिषद सदस्य डॉ. संजीव कुमार सिंह, पूर्व कुलपति प्रो. अवध किशोर राय, प्रो. नीलाम्बुज किशोर वर्मा, कुलसचिव प्रो. रामाशीष पूर्वे, प्रो. अरुण कुमार सिंह, विभागाध्यक्ष प्रो. लक्ष्मी पाण्डेय और आयोजन सचिव डॉ. सपना ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर सम्मेलन का शुभारंभ किया।
मुख्य अतिथि एमएलसी डॉ. संजीव कुमार सिंह ने कहा कि एआई और मेटा कभी किताबों का स्थान नहीं ले सकते। पुस्तक पढ़कर ज्ञान अर्जित करने और गूगल से जानकारी लेने में बड़ा अंतर है। उन्होंने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा की मजबूत बुनियाद रामायण और महाभारत जैसे ग्रंथों के साथ संत कबीर की वाणी में भी दिखती है, तथा अशिक्षा देश की सबसे बड़ी दुश्मन है। सत्र की अध्यक्षता करते हुए प्रभारी कुलपति प्रो. रंजना ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा आज की सबसे बड़ी जरूरत है और भारतीय ज्ञान परंपरा तथा आधुनिक शिक्षा को विरोधी न मानकर एक-दूसरे का पूरक बनाना चाहिए।
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा के डॉ. मिथिलेश तिवारी ने कहा कि शिक्षा केवल अक्षर ज्ञान नहीं, बल्कि बेहतर मनुष्य निर्माण की प्रक्रिया है। मध्य प्रदेश से आए की-नोट वक्ता डॉ. आयुष गुप्ता ने भारतीय संस्कृति की विशिष्टता और प्राचीन ऋषियों के आध्यात्मिक ज्ञान पर प्रकाश डाला। शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास, नई दिल्ली के प्रो. अरुण कुमार सिंह ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन और आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना पर जोर दिया। पूर्व कुलपति प्रो. अवध किशोर राय ने वैदिक ज्ञान के संरक्षण की बात कही, जबकि प्रो. नीलाम्बुज किशोर वर्मा ने पुरानी ज्ञान परंपरा और वर्तमान शिक्षा प्रणाली के संतुलित उपयोग पर बल दिया।
विभागाध्यक्ष एवं सम्मेलन संयोजक प्रो. लक्ष्मी पाण्डेय ने स्वागत संबोधन में कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य सतत विकास लक्ष्य-4 के संदर्भ में भारतीय ज्ञान प्रणाली की प्रासंगिकता और योगदान को रेखांकित करना है। आयोजन सचिव डॉ. सपना ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा हजारों वर्षों में विकसित ज्ञान, दर्शन, विज्ञान, कला और जीवनशैली की समग्र प्रणाली है, जिसका मूल मंत्र 'वसुधैव कुटुम्बकम्' और 'सर्वे भवन्तु सुखिनः' है। मनोविज्ञान के दृष्टिकोण से उन्होंने सांख्य-योग परंपरा के त्रिगुण सिद्धांत को मानव मन को समझने का सूक्ष्म शास्त्र बताया और कहा कि परीक्षा-केंद्रित शिक्षा से विद्यार्थियों में रजोगुण की अधिकता या तमोगुण की निराशा बढ़ रही है, जबकि वास्तविक शिक्षा विद्यार्थी को सत्त्वगुण की ओर ले जानी चाहिए। डॉ. सपना ने कहा कि मनोवैज्ञानिक दृष्टि से कुरुक्षेत्र में श्रीकृष्ण द्वारा अर्जुन को दिया गया गीता का उपदेश विश्व का प्रथम और सर्वश्रेष्ठ काउंसलिंग एवं साइकोथेरेपी सत्र है। उद्घाटन सत्र में सम्मेलन की स्मारिका का विमोचन भी किया गया, जिसमें देश-विदेश के शिक्षकों और शोधार्थियों के शोध आलेख प्रकाशित हैं।
