अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एशिया दौरे से लौटने के बाद व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में भारत की कम ब्याज दरों और मजबूत आर्थिक विकास दर की तारीफ की। उन्होंने अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व पर राजनीतिक होने का आरोप लगाते हुए कहा कि ऊंची ब्याज दरें अमेरिकी अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा रही हैं।
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका में ब्याज दरें बहुत ज्यादा हैं क्योंकि फेड बहुत ज्यादा राजनीतिक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे इसके लिए फेड चेयरमैन को दोष नहीं दे रहे, बल्कि फेड के राजनीतिक होने को दोष दे रहे हैं। उनका कहना था कि जब भी अच्छे आर्थिक आंकड़े आते हैं, तो फेड ब्याज दरें बढ़ा देता है, जबकि ऐसा उल्टा होना चाहिए।
पूर्व फेड चेयरमैन एलन ग्रीनस्पैन का उदाहरण देते हुए ट्रंप ने कहा कि अच्छे आंकड़ों के समय ब्याज दरें कम की जानी चाहिए, क्योंकि इससे क्रेडिट स्थिति बेहतर होती है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा नहीं किया जाता तो देश को नुकसान होता है और लगातार दरें बढ़ाने से बचना चाहिए।
ट्रंप ने दावा किया कि अगर सही तरीके से काम होता तो अमेरिका की जीडीपी चार प्रतिशत नहीं, बल्कि 15 से 20 प्रतिशत तक हो सकती थी। उन्होंने भारत का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां ब्याज दरें कम हैं और जीडीपी 7 प्रतिशत है।
