अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान में सत्ता परिवर्तन को लेकर अपना रुख बदल लिया है। एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि उन्हें ईरान में सरकार बदलने में कोई दिलचस्पी नहीं है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य तेहरान के साथ एक स्थायी समझौता करना है, ताकि युद्ध खत्म हो और ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोका जा सके।
इंटरव्यू के दौरान ट्रंप ने कहा कि उन्हें ईरान में सत्ता परिवर्तन की कभी खास परवाह नहीं रही। उन्होंने यह दावा भी किया कि वह पहले ही ईरान में सत्ता परिवर्तन कर चुके हैं। उनका इशारा अमेरिका और इजरायल के हमले में मारे गए ईरान के शीर्ष नेतृत्व की तरफ था।
बता दें कि अमेरिका और इजरायल ने 28 फरवरी को ईरान के खिलाफ संयुक्त अभियान शुरू किया था। हमले के पहले ही दिन ईरान के तत्कालीन सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई मारे गए थे। इस अभियान में ईरान के कई शीर्ष अधिकारी मारे गए थे।
फोन पर दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि वह ईरान के साथ ऐसा समझौता चाहते हैं जो स्थायी हो। उन्होंने कहा कि वह किसी को भी ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने की अनुमति नहीं देंगे। ट्रंप ने ईरानी अधिकारियों के साथ समझौता करने को बहुत मुश्किल बताया और कहा कि समझौता करने के अगले ही दिन वे उसे तोड़ देते हैं। इससे पहले गुरुवार को एक इजरायली चैनल से बातचीत में ट्रंप ने कहा था कि वह ईरान को लेकर जल्दबाजी में नहीं हैं और युद्ध को लेकर अगला कदम तय करने के लिए 2027 तक इंतजार कर सकते हैं।
