तुर्किए वायु सेना का एक हेलीकॉप्टर मंगलवार शाम पश्चिमी तुर्किए में ट्रेनिंग फ्लाइट के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें चालक दल के पांच सदस्य शहीद हो गए। रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। यह पिछले दो हफ्तों में तुर्किए सशस्त्र बलों के साथ हुई दूसरी हेलीकॉप्टर दुर्घटना है।

मंत्रालय के बयान के अनुसार, AS-532 कूगर हेलीकॉप्टर एस्कीशेहिर स्थित वायु सेना के 1st मेन जेट बेस कमांड से ट्रेनिंग के उद्देश्य से उड़ान भरने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हुआ। बयान में कहा गया कि हेलीकॉप्टर के मलबे तक पहुंच बना ली गई है और खोज-बचाव अभियान जारी है।

बाद में मंत्रालय ने पुष्टि की कि दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर में सेवा दे रहे पांच जवान शहीद हो गए हैं। समाचार एजेंसी रॉयटर ने इस्तांबुल से यह जानकारी दी।

गौरतलब है कि यह हादसा तुर्किए सशस्त्र बलों के साथ दो सप्ताह के भीतर हुई दूसरी हेलीकॉप्टर दुर्घटना है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है और मंत्रालय की ओर से इस संबंध में अतिरिक्त जानकारी नहीं दी गई है।