यूक्रेन ने लीबिया के बेनगाजी में रूसी युद्धपोत को सात समुद्री ड्रोन से डुबोने का दावा किया है, जिसकी पुष्टि राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने सोमवार को एक्स पर एक पोस्ट में की। जेलेंस्की के अनुसार, 2022 में निर्मित यह युद्धपोत भूमध्य सागर में था, जब यूक्रेनी बलों ने उस पर हमला किया। हमले में युद्धपोत पर तैनात एक केए-27 हेलीकाप्टर भी डूब गया। रिपोर्ट के मुताबिक, लीबिया की अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त सरकार के साथ समझौते के तहत यह रूसी युद्धपोत बेनगाजी गया था। यह यूक्रेन का ड्रोन के जरिये रूस पर सबसे दूर और यूरोप से बाहर पहला हमला बताया जा रहा है।
युद्धपोत पर तैनात नौसैनिकों और हथियारों के नुकसान का विस्तृत ब्योरा सामने नहीं आया है। रूस ने इस हमले पर कोई टिप्पणी करने से इनकार किया है। हालांकि, जानकारी मिली है कि हमले में 10 लोग घायल हुए हैं, जिनमें रूसी और लीबियाई सैनिक शामिल हैं।
जेलेंस्की ने बताया कि यूक्रेनी बलों ने सोमवार को रूस के एमवी अंगारा नाम के मालवाही जहाज पर भी हमला किया, जो रूसी सेना के लिए हथियारों की आपूर्ति में लगा था। इसके अलावा यूक्रेन ने रूस के साइबेरिया और रोस्तोव इलाकों में स्थित आयल रिफायनरियों को भी नुकसान पहुंचाया। जेलेंस्की ने कहा कि रूस को उसके हर हमले का जवाब दिया जाएगा। माना जा रहा है कि शनिवार को फिनलैंड की खाड़ी में कालिनिनग्राद जा रहे एक मालवाही जहाज पर हुए हमले में भी यूक्रेन का हाथ था, जिससे जहाज में आग लग गई थी।
इससे पहले जून 2025 में यूक्रेन ने ट्रकों में फिट कंटेनर से रूस में ड्रोन भेजकर 1,200 किलोमीटर से ज्यादा दूरी पर कई वायुसेना अड्डों पर हमले करवाए थे, जिनमें 40 से ज्यादा लड़ाकू विमान क्षतिग्रस्त हुए थे। इनमें कई बहुमूल्य बमवर्षक विमान भी शामिल थे। रविवार-सोमवार की रात रूस ने यूक्रेन पर बड़ा हवाई हमला किया। कीव के नजदीक एक गांव में पांच मंजिला भवन पर हमले में 11 लोग मारे गए, जिनमें सात साल का एक बच्चा और 79 वर्ष के एक बुजुर्ग शामिल हैं। मलबे में और लोग मिल सकते हैं। सोमवार को जपोरीजिया के अस्पताल पर रूसी हमले में तीन लोगों की मौत की सूचना है, जबकि क्रैमेटोर्स्क में दो लोग मारे गए।
