लखनऊ: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर और निषाद पार्टी के प्रमुख संजय निषाद के बीच खींचतान की मुख्य वजह दोनों के आपसी हित माने जा रहे हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में सुभासपा एनडीए गठबंधन का हिस्सा नहीं थी। तब बीजेपी ने ओबीसी वोटों को ध्यान में रखते हुए निषाद पार्टी को 10 सीटें दी थीं और अब वह ज्यादा सीटें चाह रही है। इस बार सुभासपा भी गठबंधन का हिस्सा है, जिसे पिछली बार इंडी गठबंधन में 15 सीटें मिली थीं। ऐसे में कोई भी पक्ष दूसरे से कम सीटों पर समझौता नहीं करना चाहता। दोनों का पूर्वांचल में प्रभाव है, इसलिए कई सीटों पर दोनों की निगाहें हैं।

ओम प्रकाश राजभर की दावेदारी का सबसे अहम केंद्र आजमगढ़ की अतरौलिया सीट बन रही है, जहां वे अपने बेटे अरुण राजभर को चुनाव लड़ाने की तैयारी कर रहे हैं। संजय निषाद पिछला चुनाव निषाद पार्टी के लड़ने का हवाला देकर इस सीट पर अपनी दावेदारी जता रहे हैं। गोरखपुर की चौरीचौरा सीट भी इस सियासी दांव-पेच का केंद्र बन सकती है, जहां 2022 में निषाद पार्टी के सरवन निषाद ने जीत दर्ज की थी। राजभर इस सीट पर करीब 50 हजार राजभर मतदाता होने का तर्क देकर दावेदारी कर रहे हैं।

जौनपुर की शाहगंज सीट पर 2022 में निषाद पार्टी के रमेश सिंह जीते थे, लेकिन अब राजभर की पार्टी इस सीट पर भी दावा कर रही है। आजमगढ़ की दीदारगंज सीट से ओम प्रकाश राजभर अपने बेटे अरविंद राजभर को चुनाव मैदान में उतारने की तैयारी में हैं, जिस पर निषाद पार्टी की भी दावेदारी रही है।

एनडीए के मंत्री संजय निषाद के लिए 2027 में अपने कोर वोटर को बचाने की चुनौती भी है। वह केवट, मल्लाह, मांझी, बिंद और कश्यप समेत मछुआ समुदाय से जुड़ी जातियों को अनुसूचित जाति में शामिल कर आरक्षण दिलाने का मुद्दा लगातार उठा रहे हैं। बिहार की विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी की यूपी में सक्रियता ने मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है और हाल ही में गोंडा जिले में उनकी रैली ने संजय निषाद की चिंता बढ़ा दी है। बीजेपी की कश्मकश यह है कि निषाद और राजभर दोनों का अपना वोट बैंक है और वह किसी को नाराज नहीं करना चाहती। सूत्रों के अनुसार, मौजूदा समय में राजभर का एनडीए में बढ़ता कद और विकासशील इंसान पार्टी को मिल रही तवज्जो की वजह से निषाद पाला बदलने के विकल्प पर भी सोच सकते हैं।