उत्तर प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को 28 आईपीएस अफसरों की तबादला सूची जारी की। इसमें गौतमबुद्ध नगर में तीन साल से पुलिस कमिश्नर रहीं लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद का पुलिस कमिश्नर बनाया गया है, जबकि जे रविन्दर गौड़ नोएडा के नए पुलिस कमिश्नर होंगे। चुनाव आयोग के निर्देश पर एक जिले में तीन साल से तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले किए जा रहे हैं।

वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल को प्रयागराज का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया को अपर पुलिस महानिदेशक, स्थापना पद पर भेजा गया है। अपर पुलिस महानिदेशक, बरेली जोन रमित शर्मा को अपर पुलिस महानिदेशक, लखनऊ जोन बनाया गया है, जबकि लखनऊ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक प्रवीण कुमार को बरेली जोन भेजा गया है। पुलिस महानिरीक्षक, लखनऊ परिक्षेत्र किरण एस को वाराणसी का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है।

पुलिस उपमहानिरीक्षक, अलीगढ़ मंडल प्रभाकर चौधरी को लखनऊ परिक्षेत्र का पुलिस उपमहानिरीक्षक बनाया गया है। सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक अभिषेक सिंह को इसी पद पर आगरा भेजा गया है, जबकि आगरा के पुलिस उपमहानिरीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय को अलीगढ़ का पुलिस उपमहानिरीक्षक बनाया गया है। तकनीकी सेवाएं, लखनऊ में तैनात पुलिस उपमहानिरीक्षक आशीष तिवारी का तबादला सहारनपुर परिक्षेत्र में किया गया है। अयोध्या के एसएसपी डॉ गौरव ग्रोवर को मुरादाबाद का एसएसपी बनाया गया है और सतपाल अंतिल अयोध्या के नए एसएसपी होंगे। गौतमबुद्ध नगर की पुलिस उपायुक्त इलामारन को एसपी, मुख्यालय पुलिस महानिदेशक लखनऊ भेजा गया है, जबकि प्रीति यादव को नोएडा से पीएसी आगरा भेजा गया है।

अन्य तबादलों में सेनानायक, 8वीं वाहिनी पीएसी, बरेली आकाश तोमर को एसपी, डॉ बीआर अम्बेडकर पुलिस अकादमी, मुरादाबाद भेजा गया है। सेनानायक, 23वीं वाहिनी पीएसी, मुरादाबाद अमित कुमार को एसपी, ईओडब्ल्यू लखनऊ के पद पर तैनाती मिली है। सेनानायक, 15वीं वाहिनी पीएसी, आगरा नरेन्द्र कुमार सिंह को पुलिस अधीक्षक, पीटीएस, गोरखपुर बनाया गया है। सेनानायक, 36वीं वाहिनी पीएसी, वाराणसी डॉ अनिल कुमार पाण्डेय को एसपी, कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, लखनऊ भेजा गया है। सेनानायक, 30वीं वाहिनी पीएसी, गोंडा त्रिभुवन सिंह का तबादला पुलिस अधीक्षक, जीआरपी मुख्यालय, लखनऊ पद पर किया गया है। राजेश कुमार श्रीवास्तव को सेनानायक, 42वीं वाहिनी पीएसी, प्रयागराज के साथ-साथ पुलिस अधीक्षक, कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं लखनऊ का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।