उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की सहायक आचार्य लिखित परीक्षा छह मंडल मुख्यालयों पर आयोजित की गई, जिसमें कुल 81.04 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने भाग लिया। परीक्षा का आयोजन प्रयागराज, लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ और आगरा में किया गया था।

आयोग के अनुसार, विज्ञापन संख्या 04/2026 की इस परीक्षा के लिए कुल 127571 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 103393 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। गुरुवार और शुक्रवार को हुई इस परीक्षा में पहली पाली सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक चली। पहली पाली में हिंदी, राजनीतिक शास्त्र, मनोविज्ञान, शस्य विज्ञान, कृषि आनुवंशिकी एवं पादप प्रजनन, कीट विज्ञान एवं एशियन कल्चर विषयों की परीक्षा हुई, जबकि दूसरी पाली में समाजशास्त्र, रसायन विज्ञान, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, प्राणि विज्ञान, गृहविज्ञान, प्राचीन इतिहास, उद्यान विज्ञान, सैन्य विज्ञान, संगीत वादन एवं कृषि सांख्यिकी विषय शामिल रहे।

पहली पाली में पंजीकृत 31828 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 26994 (84.81 प्रतिशत) और दूसरी पाली में पंजीकृत 31677 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 25405 (80.20 प्रतिशत) अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। दोनों पालियों को मिलाकर कुल 52399 (82.51 प्रतिशत) परीक्षार्थियों ने प्रतिभाग किया। इसमें महिला परीक्षार्थियों की उपस्थिति 24523 यानी 81.59 प्रतिशत और पुरुष परीक्षार्थियों की उपस्थिति 27876 यानी 83.34 प्रतिशत रही।

सभी परीक्षा केंद्रों की निगरानी आयोग ने एआई इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम से की। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार स्वयं सक्रिय रहे।