उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का 90 वर्ष की आयु में निधन हो गया। पौड़ी के एसएसपी सर्वेश कुमार ने निधन की पुष्टि की। परिवार के सदस्यों के अनुसार उन्होंने शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। वह पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थीं।
सावित्री देवी अपने दो बेटों के साथ पंचूर गांव स्थित आवास पर रहती थीं। उम्र संबंधी परेशानियों के चलते उन्हें अक्सर स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें होती रहती थीं। इससे पहले 14 मई 2024 को तबीयत बिगड़ने पर उन्हें ऋषिकेश स्थित एम्स में भर्ती कराया गया था, जहां उन्हें जिरियाट्रिक वार्ड में रखा गया था। मां के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एम्स ऋषिकेश पहुंचे थे और उनका हालचाल जाना था। सावित्री देवी के सात बच्चे हैं, जिनमें योगी आदित्यनाथ समेत चार बेटे और तीन बेटियां हैं।
स्वजनों के अनुसार सावित्री देवी का अंतिम संस्कार शनिवार को हरिद्वार स्थित खड़खड़ी में किया जा सकता है। निधन की सूचना मिलते ही यमकेश्वर स्थित सीएम योगी के पैतृक घर में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों से राजनीतिक व अन्य क्षेत्रों की हस्तियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स हैंडल पर पोस्ट करके दुख जताया है। उन्होंने लिखा है कि योगी आदित्यनाथ की माताजी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है और उनका जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। धामी ने बाबा केदार से प्रार्थना की है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा योगी जी सहित समस्त शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
