उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 91 साल की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी स्थित अपने पैतृक घर पर अंतिम सांस ली। वह बीते कई सालों से बीमार रहती थीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में 50 हजार छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरण के बाद एक सभा को संबोधित कर रहे थे, तभी उनकी मां के निधन की खबर गोरखपुर पहुंची।

सावित्री देवी पौड़ी के पंचूर गांव में रहती थीं। सीएम योगी आदित्यनाथ कुल सात भाई-बहन हैं, जिनमें चार भाई और तीन बहनें हैं। योगी आदित्यनाथ दूसरे नंबर पर आते हैं। 2024 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनसे मुलाकात करने ऋषिकेश एम्स गए थे, जब उनकी तबीयत खराब थी। उससे पहले मई 2022 में वह अपने घर गए थे और मां से मुलाकात की थी। मां के सामने पहुंचते ही उन्होंने कहा था, 'आपने पहचान लिया मुझे?' 2022 में मां से मुलाकात का उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उनका घर बिल्कुल सामान्य परिवार की तरह दिखता है।

योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद बिष्ट का 20 अप्रैल 2020 को निधन हो गया था। उस समय भी वह प्रशासनिक कार्यों में व्यस्त थे और कोरोना के दौर में पिता के अंतिम संस्कार में नहीं पहुंच पाए थे।

बता दें कि योगी आदित्यनाथ राम मंदिर आंदोलन के समय 1990 में गोरखनाथ मठ के महंत अवैद्यनाथ के संपर्क में आए थे। तब उनका नाम अजय बिष्ट था। गोरखपुर आने पर महंत अवैद्यनाथ ने उन्हें दीक्षा दी और अपना उत्तराधिकारी घोषित किया। 12 सितंबर 2014 को महंत अवैद्यनाथ का निधन हुआ। 1998 से 2017 तक वह संसद के सदस्य रहे और गोरखपुर लोकसभा सीट पर लगातार पांच बार जीत हासिल की। 2017 में उन्हें भाजपा ने उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया और उसी साल विधानपरिषद भेजा गया। संन्यास की दीक्षा के बाद योगी आदित्यनाथ अपने परिवार के सदस्यों से संपर्क कम ही रखते हैं, हालांकि उन्हें अपनी मां के स्वास्थ्य की खबर रहती थी।