लखनऊ: विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भाजपा ने महिला वोटरों पर फोकस बढ़ाया है। पार्टी ने हर घर में महिलाओं से संपर्क करने और हर बूथ पर महिला कार्यकर्ताओं की तैनाती की रणनीति तैयार की है। इसकी जिम्मेदारी महिला विस्तारकों को दी गई है। सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में विस्तारकों की तैनाती की गई है। शुक्रवार को विश्वेसरैया सभागार में महिला मोर्चा पदाधिकारियों और विस्तारकों की कार्यशाला हुई, जिसमें वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें चुनावी मंत्र दिया।
कार्यशाला में भाजपा के प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, प्रदेश सह प्रभारी मेधा कुलकर्णी, महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी और मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने पदाधिकारियों से संवाद किया। बैठक में गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, दिल्ली, बिहार, झारखंड, राजस्थान और महाराष्ट्र सहित आठ राज्यों से 403 महिला विस्तारक शामिल हुईं। बैठक से पहले सीएम योगी की मां को श्रद्धांजलि दी गई।
प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने कहा कि सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में महिला विस्तारक प्रवास करें और जनसंपर्क करें। घर-घर पहुंचकर वोटरों से संवाद करें और केंद्र व प्रदेश सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं। महिलाओं को संगठन से जोड़कर बूथ स्तर तक पहुंच और प्रभाव बढ़ाएं। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि यह चुनाव केवल राजनीतिक तैयारी नहीं, बल्कि संगठन की सामूहिक शक्ति, जनविश्वास और जनसंपर्क का व्यापक अभियान है।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि महिला कार्यकर्ता भाजपा की स्टार प्रचारक हैं और मातृशक्ति से संवाद कर उन्हें पार्टी की विचारधारा से जोड़ें। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि भाजपा सरकार में भयमुक्त प्रदेश बना है और मां, बहन व बेटियां सुरक्षित हैं, यही संदेश प्रदेश की महिलाओं तक पहुंचाना है। प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि विस्तारक पार्टी के विचार और सरकार की उपलब्धियां लेकर जनता के बीच पहुंचें। प्रदेश सह प्रभारी डॉ. मेधा कुलकर्णी ने कहा कि महिला मोर्चा को हर विधानसभा क्षेत्र में मजबूती से अपनी दस्तक देनी है और लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने के लिए मैदान में उतरना है। महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि मातृशक्ति पार्टी की नीतियों, नेतृत्व और विकास के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए तैयार है। प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने कहा कि संगठन की एकजुटता, कार्यकर्ताओं का परिश्रम और मातृशक्ति का संकल्प चुनाव में भाजपा की जीत का आधार बनेगा।
