उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी गठबंधन को अंतिम रूप देने में जुटी हैं। सोमवार को दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे पर पहले दौर की बातचीत हो सकती है। कांग्रेस ने उम्मीद जताई है कि जल्द दोनों पार्टियां एक सम्मानजनक समझौते पर पहुंच जाएंगी। सूत्रों के मुताबिक, यह चर्चा राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी के घर पर हो सकती है। प्रमोद तिवारी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा के पिता हैं। हालांकि, समाजवादी पार्टी ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।

लोकसभा सांसद और यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने कहा कि दोनों पार्टियां बेहतर तालमेल के साथ चुनाव में उतरेंगी। उनके मुताबिक, पूरी कोशिश रहेगी कि जल्द सीट बंटवारा हो और प्रचार शुरू हो, ताकि उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन की सरकार बन सके। कांग्रेस रणनीतिकारों का मानना है कि सीटों की संख्या से ज्यादा जीत अहम है, लेकिन समझौता सम्मानजनक होना चाहिए। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि यह चुनाव कांग्रेस के मुकाबले समाजवादी पार्टी के लिए ज्यादा अहम है, इसलिए उम्मीद है कि सपा बड़ा दिल दिखाएगी। बता दें कि 2017 में दोनों पार्टियों ने गठबंधन में चुनाव लड़ा था और तब कांग्रेस के हिस्से 105 सीटें आई थीं। कांग्रेस का कहना है कि इन सालों में उसकी स्थिति मजबूत हुई है, इसलिए 2027 के चुनाव में पहले के मुकाबले अधिक सीटें मिलनी चाहिए।

बातचीत में कांग्रेस की ओर से प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा और इमरान मसूद हिस्सा ले सकते हैं। समाजवादी पार्टी ने इसके लिए चार सदस्यीय समिति बनाई है। रविवार को पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान जारी कर बताया कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यह समिति गठित की है। समिति में राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव राम गोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, सांसद राजीव राय और सांसद इकरा हसन शामिल हैं।

इस बीच अखिलेश यादव ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे की संभावनाएं तलाशनी शुरू कर दी हैं। पिछले तीन दिनों में उन्होंने आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह और भाकपा (माले) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। सूत्रों ने बताया कि चर्चा के दौरान विपक्ष के प्रचार में कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शनों के प्रमुख चेहरों को शामिल करने की संभावना पर भी विचार किया गया। गौरतलब है कि सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके और संगठन के एक अन्य प्रमुख चेहरे आशुतोष रांका आप के साथ पहले काम कर चुके हैं। वहीं, भाकपा (माले) लिबरेशन की छात्र शाखा ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन की अध्यक्ष नेहा बोरा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हो रहे छात्र विरोध प्रदर्शनों का प्रमुख चेहरा बनकर उभरी हैं। ऐसे में ये नाम चुनावी मैदान में नजर आ सकते हैं।