बलिया सदर से विधायक और उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। 23 साल पुराने एक मामले में अदालत ने उनके खिलाफ दोबारा गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। यह मामला 4 दिसंबर 2003 का है, जब वे कथित तौर पर अपने समर्थकों के साथ बलिया सदर कोतवाली पहुंचे थे और तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक सर्वजीत शाही के साथ गाली-गलौज और अभद्रता का आरोप है।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शैलेश पांडे की अदालत ने गुरुवार को मामले की सुनवाई की। सुनवाई के दौरान दयाशंकर सिंह न्यायालय में उपस्थित नहीं हुए, जिसके बाद अदालत ने उनके खिलाफ दोबारा गिरफ्तारी वारंट जारी करने का आदेश दिया। अदालत ने वारंट की तामील सदर कोतवाल के माध्यम से कराने और एन.स्टेप के जरिए वारंट जारी करने का निर्देश दिया है। मंत्री के जमानतदारों के खिलाफ भी नोटिस जारी किए गए हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजा गया है।
अभियोजन के मुताबिक, 4 दिसंबर 2003 की सुबह करीब साढ़े नौ बजे दयाशंकर सिंह और रविशंकर सिंह उर्फ पप्पू अपने करीब 20 समर्थकों के साथ बलिया सदर कोतवाली पहुंचे थे। बताया गया कि वे एक कार्यकर्ता की गिरफ्तारी को लेकर वहां गए थे। इसी दौरान तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक सर्वजीत शाही भी वहां पहुंचे। अभियोजन का आरोप है कि उनके साथ गाली-गलौज और दुर्व्यवहार किया गया तथा तत्कालीन कोतवाल का कॉलर भी पकड़ा गया। रविशंकर सिंह पर पुलिसकर्मियों के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल का भी आरोप है।
इस मामले में सह-अभियुक्त और भाजपा एमएलसी रविशंकर सिंह उर्फ पप्पू की गैरहाजिरी अदालत ने माफ कर दी है। वह न्यायालय में उपस्थित होकर पहले ही अपनी जमानत करा चुके हैं। गुरुवार की सुनवाई में उनकी गैरहाजिरी माफ करने का आदेश दिया गया, जबकि दयाशंकर सिंह के अदालत में उपस्थित न होने के कारण उनके खिलाफ दोबारा गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया।
