उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री संदीप सिंह और उनके भाई सौरभ सिंह की शादी दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम स्थित द जोरा कन्वेंशन सेंटर में वैदिक रीति-रिवाज से संपन्न हुई। दोनों पूर्व राज्यपाल और पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पौत्र हैं। समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आशीर्वाद देने पहुंचीं।
इससे पहले 14 नवंबर को अलीगढ़ में दोनों भाइयों की सगाई हुई थी, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल हुए थे। शादी से पहले दिल्ली के फाइव स्टार होटल द लीला पैलेस में सेहराबंदी की रस्म निभाई गई, जिसके बाद शाम छह बजे बारात नेहरू स्टेडियम के लिए निकली। दोनों दूल्हों ने क्रीम रंग की कढ़ाईदार शेरवानी पहनी थी।
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना भी समारोह में पहुंचे और उन्होंने दोनों भाइयों और बहुओं को पुष्पगुच्छ देकर बधाई दी। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी दिल्ली पहुंचकर नवदंपती को आशीर्वाद दिया।
होटल में हुई हल्दी रस्म के दौरान संदीप सिंह के पिता और पूर्व सांसद राजवीर सिंह ने अपने दोनों बेटों और बहुओं पर फूलों की पंखुड़ियां बरसाईं। संदीप सिंह इस समय अतरौली सीट से विधायक हैं।
