उत्तर प्रदेश में वन टाइम टैक्स (ओटीटी) की एकमुश्त अदायगी और व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (वीएलटीडी) की महंगी दरों के कारण कमर्शियल वाहनों का पंजीकरण घट रहा है। वाहन खरीदार अधिक खर्च से बचने के लिए दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान में पंजीकरण करा रहे हैं। वाहन मालिकों का आरोप है कि प्रदेश में वीएलटीडी के नाम पर 18 से 20 हजार रुपये तक वसूले जा रहे हैं, जबकि पड़ोसी राज्यों में यही उपकरण तीन से पांच हजार रुपये में उपलब्ध है।
पंजीकरण के आंकड़े भी बाजार में सुस्ती की ओर इशारा कर रहे हैं। इस साल अब तक मोटर कैब और 7.5 टन तक सकल वाहन भार वाले हल्के कमर्शियल मालवाहक वाहनों के 3829 पंजीकरण हुए हैं, जबकि पिछले साल पूरे वर्ष में 4147 और वर्ष 2024 में 4185 वाहनों का पंजीकरण हुआ था। कारोबारियों के मुताबिक, ओटीटी के तहत वाहन खरीदते समय ही एकमुश्त टैक्स जमा करना पड़ता है, जिससे शुरुआती निवेश बढ़ जाता है। प्रदेश में 18 कंपनियों के माध्यम से वाहनों में पैनिक बटन और वीएलटीडी लगाए जा रहे हैं और आरोप है कि इनकी दरों में एकरूपता नहीं है।
ड्राइवर दीपक गुप्ता का कहना है कि कंपनियों के एकाधिकार से प्रतिस्पर्धा खत्म हो रही है, जिसका सीधा असर वाहन मालिकों की जेब पर पड़ रहा है। दूसरी ओर, परिवहन विभाग के अधिकारियों का तर्क है कि ओटीटी व्यवस्था में लंबी अवधि के हिसाब से कर का बोझ कम होता है। ओटीटी के तहत 10 लाख रुपये तक कीमत वाले वाहन पर 10.5 प्रतिशत और इससे अधिक कीमत वाले वाहन पर 12.5 प्रतिशत की दर से एकमुश्त टैक्स जमा करना होता है।
संभागीय परिवहन अधिकारी, गाजियाबाद पीके सिंह के मुताबिक, कमर्शियल वाहनों का पंजीकरण दिल्ली और हरियाणा में अधिक होता है। उत्तर प्रदेश में एकमुश्त कर की व्यवस्था है, जबकि पड़ोसी राज्यों में त्रैमासिक टैक्स भुगतान का विकल्प मिलता है, जिससे वाहन स्वामी शुरुआती आर्थिक बोझ से बचने के लिए दूसरे राज्यों में वाहन खरीद रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, ओटीटी लागू होने के शुरुआती चार महीनों में खरीद में अधिक गिरावट दर्ज की गई थी, लेकिन अब वाहन स्वामियों को एकमुश्त टैक्स के फायदे समझ में आने से खरीदारों की संख्या में फिर बढ़ोतरी हो रही है।
