उत्तर प्रदेश प्राइमरी टीचर (PRT) भर्ती 2026 के लिए परीक्षा 3 और 4 दिसंबर को राज्य के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जानी है। भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार एडमिट कार्ड का इंतजार कर रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) परीक्षा तिथि से तीन से चार दिन पहले प्रवेश पत्र डाउनलोड के लिए जारी करेगा। चूंकि परीक्षा 3 और 4 दिसंबर को है, ऐसे में प्रवेश पत्र 29 या 30 नवंबर को जारी किए जा सकते हैं। एडमिट कार्ड का लिंक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर एक्टिव किया जाएगा, जहां से अभ्यर्थी लॉग इन डिटेल दर्ज करके इसे डाउनलोड कर सकेंगे।
परीक्षा में बहुविकल्पीय प्रकार के कुल 120 प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रश्न भाषा- हिन्दी, संस्कृत व अंग्रेजी, विज्ञान, गणित, पर्यावरण एवं सामाजिक अध्ययन (कक्षा 12 स्तर तक) और डी०एल०एड० पाठ्यक्रम स्तर से- शिक्षण कौशल, बाल मनोविज्ञान, सूचना तकनीकी, जीवन कौशल प्रबन्धन एवं अभिवृत्ति से होंगे। प्रश्न पत्र हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध होगा।
पेपर हल करने के लिए अभ्यर्थियों को 120 मिनट यानी दो घंटे का समय दिया जाएगा। प्रत्येक सही उत्तर पर 3 अंक दिए जाएंगे, वहीं प्रत्येक गलत उत्तर पर 1 अंक की माइनस मार्किंग की जाएगी। ऐसे में जिन प्रश्नों के उत्तर अभ्यर्थियों को ज्ञात न हों, उन पर तुक्का लगाने से बचें।
