राजस्व लक्ष्य पूरा न होने के कारण उत्तर प्रदेश में उप निबंधक कार्यालय अब रविवार को भी खुलेंगे। महानिरीक्षक निबंधन उप्र डॉ. सारिका मोहन की ओर से सभी सहायक महानिरीक्षकों को इस संबंध में निर्देश भेज दिए गए हैं। अवकाश के दिन भी संपत्तियों के बैनामे किए जाएंगे।
निर्देश के मुताबिक वित्तीय वर्ष 2025-26 में अक्टूबर 2025 तक 22525 करोड़ रुपये के क्रमिक लक्ष्य के सापेक्ष 18808 करोड़ रुपये राजस्व प्राप्त हुआ, जो लक्ष्य का 83.5 प्रतिशत था। इसी तरह वित्तीय वर्ष 2026-27 में अक्टूबर 2026 तक 25866 करोड़ रुपये के क्रमिक लक्ष्य के सापेक्ष 21156 करोड़ रुपये राजस्व प्राप्त हुआ, जो लक्ष्य का 81.8 प्रतिशत है। इससे स्पष्ट है कि 2026-27 में पिछले वर्ष की तुलना में अक्टूबर 2026 तक राजस्व प्राप्ति में अपेक्षित वृद्धि नहीं हुई है।
नवंबर 2026 में कुल पांच कार्य दिवस अवशेष बचे हैं, इसलिए इन दिनों में अधिकाधिक राजस्व प्राप्ति के लिए सार्थक प्रयास किए जाने हैं। इसी क्रम में 300 करोड़ रुपये से अधिक वार्षिक राजस्व प्राप्ति के लक्ष्य वाले जनपदों के उप निबंधक कार्यालयों को सामान्य कार्य दिवसों की तरह रविवार को खोलकर लेखपत्र रजिस्ट्रीकरण का कार्य किया जाएगा।
एआईजी स्टांप राकेश चंद्रा ने बताया कि यह निर्देश सभी उप निबंधकों को भेज दिया गया है।
