राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड (एनएचबी) के वर्ष 2025-26 के तीसरे अग्रिम अनुमान के अनुसार उत्तर प्रदेश बागवानी उत्पादन, कुल बागवानी क्षेत्रफल और उत्पादकता के मामले में देश में पहले स्थान पर है। अपर मुख्य सचिव, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण बाबू लाल मीणा ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिकताओं में किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना और कृषि को अधिक लाभकारी बनाना शामिल रहा है।

रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश में कुल बागवानी उत्पादन 687.30 लाख मीट्रिक टन दर्ज किया गया है, जबकि देश का कुल उत्पादन 3869.15 लाख मीट्रिक टन है। इस तरह राष्ट्रीय बागवानी उत्पादन में यूपी की हिस्सेदारी 17.76 प्रतिशत है। प्रदेश में बागवानी फसलों का कुल क्षेत्रफल 26.50 लाख हेक्टेयर है, जबकि देश में यह 297.21 लाख हेक्टेयर है। प्रदेश की बागवानी उत्पादकता 25.94 मीट्रिक टन प्रति हेक्टेयर है, जो राष्ट्रीय औसत 13.02 मीट्रिक टन प्रति हेक्टेयर से लगभग दोगुनी है।

सब्जी उत्पादन में भी उत्तर प्रदेश देश में पहले स्थान पर है। प्रदेश में 454.65 लाख मीट्रिक टन सब्जियों का उत्पादन हुआ, जबकि देश का कुल सब्जी उत्पादन 2272.68 लाख मीट्रिक टन है। राष्ट्रीय सब्जी उत्पादन में प्रदेश की हिस्सेदारी 20 प्रतिशत है। आलू उत्पादन में यूपी की हिस्सेदारी 41.18 प्रतिशत है, जबकि मटर उत्पादन में यह 53.03 प्रतिशत है।

फल उत्पादन में प्रदेश में आम का उत्पादन 62.15 लाख मीट्रिक टन रहा, जो देश के कुल उत्पादन 239.69 लाख मीट्रिक टन का 25.93 प्रतिशत है। अमरूद उत्पादन में यूपी की हिस्सेदारी 21.08 प्रतिशत और शिमला मिर्च उत्पादन में 22.06 प्रतिशत है।