उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने अशासकीय अनुदानित महाविद्यालयों और महिला महाविद्यालयों में प्राचार्य के पदों पर भर्ती का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। विज्ञापन संख्या 02/2026 के तहत कुल 111 पदों के लिए विज्ञापन हुआ था, जिसके सापेक्ष 110 पदों पर अंतिम चयन परिणाम जारी किया गया है। आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ खंडपीठ में योजित विशेष अपील संख्या 521/2026 में 20 नवंबर को पारित आदेश के अनुपालन में एक पद का परिणाम घोषित नहीं किया गया है।
विज्ञापन के तहत प्राचार्य पद के लिए लिखित परीक्षा 24 सितंबर 2026 को कराई गई थी। सफल अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 27, 28, 30 और 31 अक्टूबर तथा 17 नवंबर को हुआ। लिखित परीक्षा और साक्षात्कार में प्राप्त अंकों के आधार पर अंतिम रूप से चयनित अभ्यर्थियों का विवरण और कटऑफ आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रदर्शित कर दिया गया है।
उप सचिव के अनुसार, साक्षात्कार के समय वांछित अभिलेख प्रस्तुत न करने के कारण कुछ अभ्यर्थियों का चयन परिणाम औपबंधिक (प्रोविजनल) घोषित किया गया है। परीक्षा में सम्मिलित अभ्यर्थी अपने प्राप्तांक का विवरण आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से अनुक्रमांक और जन्मतिथि अंकित कर देख सकते हैं। यह सुविधा 21 नवंबर से एक सप्ताह तक उपलब्ध रहेगी।
उप सचिव ने यह भी बताया कि इस संबंध में सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के तहत कोई सूचना अलग से नहीं दी जाएगी।
