मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को उत्तराखंड कैबिनेट की बैठक हुई, जिसमें कुल 23 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय को लेकर अहम फैसला लिया गया। अब आशा कार्यकर्ताओं को राज्य की ओर से 3300 रुपये के बजाय 5000 रुपये मिलेंगे। केंद्र से भी उन्हें 5000 रुपये मिलते हैं, इस हिसाब से अब उनका कुल मानदेय 10,000 रुपये हो गया है।

इस बीच, पीआरडी जवानों की नजर शुक्रवार को हुई इस कैबिनेट बैठक पर टिकी थी। प्रांतीय रक्षक दल हित संगठन के जिलाध्यक्ष नवीन सिंह बिष्ट के अनुसार, पीआरडी जवान लंबे समय से 365 दिन नियमित रोजगार और होमगार्ड की तर्ज पर मूल वेतन पर डीए की दो सूत्रीय मांगों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। गुरुवार को संगठन के प्रतिनिधि मंडल ने मुख्य सचिव और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव से मुलाकात की थी। इस दौरान आला अधिकारियों ने प्रतिनिधि मंडल को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया था।

संगठन के अनुसार, यदि दोनों मांगें पूरी नहीं होती हैं तो 28 नवंबर को प्रदेश में कैंडल मार्च निकाला जाएगा और 30 नवंबर को प्रदेश भर के पीआरडी जवान सीएम आवास कूच करेंगे। बैठक के दौरान प्रदेश अध्यक्ष किशन रावत, प्रदेश सचिव बीरसिंह रावत, विनोद तोमर और सुधीर तोमर आदि मौजूद रहे।