मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए 17.38 करोड़ रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति दी है। स्वीकृत कार्यों में मंदिरों और मेला स्थलों का सुंदरीकरण, हेलीपैड निर्माण, सड़क और पुलों का सुधारीकरण, सीसी मार्ग, इंटरलॉकिंग टाइल्स, सिंचाई गूल तथा सुरक्षात्मक कार्य शामिल हैं।

चंपावत विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कठाड़ कमेला में सीसी और इंटरलॉकिंग टाइल्स के लिए 55.16 लाख रुपये तथा ढकना बडोला में ऐड़ी ब्यानधुरा भूमिया मेला स्थल के सुंदरीकरण के लिए 109.88 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। डीडीहाट के रसैपाटा स्थित भगवती मंदिर के सुंदरीकरण को 59.57 लाख और केदारनाथ क्षेत्र के चार मंदिरों के सुंदरीकरण को 49.94 लाख रुपये मंजूर हुए हैं।

कर्णप्रयाग में कर्ण मंदिर के लिए 99.71 लाख, नई टिहरी के नवदुर्गा मंदिर के लिए एक करोड़ और पुरोला के फिताड़ी गांव में हेलीपैड निर्माण के लिए 1.08 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा मसूरी, डोईवाला, गदरपुर और पिरान कलियर में सड़क एवं नाली निर्माण तथा सुधारीकरण के कार्य होंगे।

किच्छा में कृषि विवि परिसर की सड़कों के सुधार के लिए 4.22 करोड़ और धर्मपुर में जाट भवन निर्माण के लिए 1.25 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। चंपावत में सिंचाई गूल निर्माण तथा डीडीहाट में मोटर मार्ग के उच्चीकरण के लिए भी धनराशि मंजूर की गई है।