उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में सुबह और शाम ठंड लगातार बढ़ रही है। घाटी क्षेत्रों में कोहरा छाने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। अल्मोड़ा में गुरुवार को अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में धूप खिलने से लोगों को कुछ राहत मिल रही है, लेकिन सुबह और शाम की ठंड लोगों को परेशान कर रही है।
कोहरे के कारण दृश्यता कम हो रही है। साथ ही सर्दी, जुकाम, जोड़ों के दर्द और बुजुर्गों में सांस संबंधी रोग बढ़ रहे हैं। जिला अस्पताल में ओपीडी 500 के पार पहुंच रही है, जबकि बेस चिकित्सालय में ओपीडी करीब 450 तक पहुंच रही है।
अरसे से वर्षा न होने के कारण सूखी ठंड लोगों की दुश्वारियां बढ़ा रही है। वन निगम के टालों में गुणवत्ता युक्त लकड़ी का अभाव बना हुआ है, जिससे जरूरतमंद लोगों को उनकी आवश्यकता के अनुसार लकड़ी और कोयला नहीं मिल पा रहा है।
