अल्मोड़ा के नीलेश बिष्ट और रानीखेत की गीतांजलि सती ने उत्तराखंड लोअर पीसीएस परीक्षा में नायब तहसीलदार के पद पर सफलता हासिल की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए, जिनमें नीलेश बिष्ट भी शामिल रहे। गीतांजलि सती किन्हीं कारणों से कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकीं। वह अब अपर पीसीएस की तैयारी में जुटी हैं।

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की सम्मिलित राज्य सिविल एवं अवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा (लोअर पीसीएस) की मेरिट सूची में नीलेश बिष्ट ने 13वीं रैंक प्राप्त की थी। उद्यांचल कालोनी मकीड़ी (अल्मोड़ा) निवासी स्व. हरीश सिंह बिष्ट के पुत्र नीलेश की माता रमा बिष्ट आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। नीलेश ने वर्ष 2013 की हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया था, जबकि 12वीं में टॉप-10 में जगह बनाई थी। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के रामजस कॉलेज से उच्च शिक्षा ग्रहण की, जहां वे रसायन विज्ञान में एमएससी के टॉपर रहे। वर्ष 2022 में सीएसआईआर नेट की परीक्षा रसायन विज्ञान से उत्तीर्ण करने के बाद वे सिविल सेवाओं की तैयारी में जुटे और वर्ष 2024 की लोअर पीसीएस परीक्षा में यह सफलता प्राप्त की।

नीलेश को नियुक्ति पत्र मिलने पर विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कालेज के गुरुजनों और क्षेत्रवासियों ने इसे बड़ी उपलब्धि बताया है।