देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने पिछले पांच वर्षों में महिला सशक्तिकरण को लेकर योजनाओं का दायरा बढ़ाने का दावा किया है। राज्य सरकार के अनुसार, 11 प्रमुख योजनाओं के जरिए महिलाओं को आर्थिक सहायता के साथ स्वरोजगार और सामाजिक सम्मान के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है, जबकि एकल महिला स्वरोजगार योजना में 75 प्रतिशत तक सरकारी सहायता का प्रविधान है। बैंणी-भुली योजना के तहत पांच लाख महिलाओं को दो किस्तों में प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। प्रदेश में 70,767 स्वयं सहायता समूहों से 5.19 लाख महिलाएं जुड़ी हैं और इन समूहों को पांच लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। उनके उत्पादों को बाजार दिलाने के लिए मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना भी शुरू की गई है।
महालक्ष्मी किट योजना के माध्यम से मां और नवजात शिशु की देखभाल एवं पोषण पर ध्यान दिया जा रहा है। देवभूमि परिवार योजना में परिवार की सबसे बड़ी महिला सदस्य को मुखिया मानने की व्यवस्था की गई है। लगभग दो लाख अंत्योदय परिवारों को हर साल तीन मुफ्त सिलिंडर रिफिल दिए जा रहे हैं, वहीं करीब 2.5 लाख एकल महिलाओं को डीबीटी के माध्यम से प्रतिमाह 1500 रुपये पेंशन दी जा रही है।
महिलाओं की उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने के लिए वीरांगना तीलूरौतेली पुरस्कार की राशि 31 हजार से बढ़ाकर 75 हजार रुपये कर दी गई है। सरकार का जोर महिलाओं को रोजगार, स्वरोजगार, उद्यमिता और आर्थिक निर्णयों में भागीदारी के लिए सक्षम बनाने पर है।
