गुजरात के वडोदरा में एटीएस ने जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक संदिग्ध आतंकवादी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक AK-47 राइफल और 23 जिंदा गोलियां बरामद की गई हैं। गुजरात एटीएस के अधिकारियों के मुताबिक, इस मामले में एक बड़ा ऑपरेशन अभी जारी है और जांच की जा रही है कि हथियार कहां से आया तथा इसे किसे पहुंचाया जाना था। यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क है। कार्रवाई से जुड़ी अन्य जानकारियों का इंतजार है।
एटीएस यह भी जांच कर रही है कि संदिग्ध आतंकी जैश-ए-मोहम्मद के किन लोगों के संपर्क में था। जांच एजेंसियां उसके संभावित आतंकी नेटवर्क, अन्य सहयोगियों और किसी बड़ी साजिश में उसकी भूमिका का पता लगाने में जुटी हैं।
बता दें कि गुजरात एटीएस ने अक्टूबर 2026 में गांधीनगर के अदालज से ISIS से जुड़े तीन संदिग्धों को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की थी। इन संदिग्धों के पास से हथियार भी बरामद किए गए थे। वहीं, अक्टूबर-नवंबर 2026 में एटीएस ने वडोदरा से जुड़े 438.64 करोड़ रुपये के मेफेड्रोन मामले में कथित ड्रग तस्कर सलीम इस्माइल डोला को हिरासत में लिया था। इन कार्रवाइयों के जरिए एजेंसी आतंकवाद और नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क पर शिकंजा कस रही है।
