बिहार में औद्योगिक निवेश का माहौल बदलने के बीच प्रवासी उद्यमी अपने राज्य की ओर लौट रहे हैं। गया के उद्यमी उदयन कुमार सिंह की कंपनी कुमार ऑर्गेनिक प्रोडक्ट्स गया के इंडस्ट्रियल कॉरिडोर में 500 करोड़ रुपये का निवेश कर रही है। उदयन कुमार सिंह के अनुसार, उनके पिता की कंपनी पहले बिहार में थी, लेकिन 1992 में वे बेंगलुरु शिफ्ट हो गए थे। उन्होंने कहा कि अब बिहार में निवेश का अच्छा मौका मिल रहा है। यहां फार्मास्यूटिकल और कॉस्मेटिक इंडस्ट्री में इस्तेमाल होने वाले एक्टिव इंग्रेडिएंट्स तैयार किए जाएंगे। उनके मुताबिक बिहार में उद्योग के लिए अब बहुत अच्छा माहौल है।
दिल्ली में इंटीरियर डिजाइनिंग का काम करने वाली कंपनी वैभव इंटीरियर्स अब बिहार के फतुहा में ग्लास, पीवीसी पैनल और जीआई चैनल्स का प्लांट लगाने जा रही है। कंपनी के जनरल मैनेजर गौतम गुप्ता के अनुसार, प्लांट के लिए पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड समेत कई राज्यों का दौरा किया गया, लेकिन बिहार सरकार की पॉलिसी सबसे बेहतर लगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली में बिहार सरकार द्वारा आयोजित इंडस्ट्री मीट से काफी फायदा मिला और बियाडा की जमीन प्रबंधन की पारदर्शी व्यवस्था सराहनीय है।
कंपनी ने फतुहा में बियाडा से 3 करोड़ 10 लाख रुपये की बोली लगाकर जमीन ली है और अगले एक साल में यहां उत्पादन शुरू होने की उम्मीद है। गौतम गुप्ता के मुताबिक इस यूनिट से 100 से ज्यादा लोगों को सीधा और करीब 300 से 400 लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि कंपनी की कोशिश है कि बिहार के जो लोग बाहर काम कर रहे हैं, उनकी घर वापसी हो सके। उन्होंने इस पारदर्शी व्यवस्था के लिए बियाडा अधिकारियों और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आभार जताया।
बेंगलुरु और दिल्ली जैसे शहरों से उद्यमियों का बिहार लौटना इस बात का संकेत है कि राज्य में उद्योग लगाने की राह पहले से ज्यादा आसान और भरोसेमंद हो गई है।
