मौसम में लगातार बदलाव के बीच मां वैष्णो देवी की यात्रा सुचारू रूप से जारी है। शनिवार शाम चार बजे तक करीब 19 हजार श्रद्धालुओं ने यात्रा के लिए पंजीकरण कराया था और देश के विभिन्न राज्यों से पहुंच रहे श्रद्धालु भवन की ओर बढ़ रहे हैं।
शनिवार को दिनभर मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिले। दोपहर तक आसमान पर हल्के बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलती रहीं, जबकि दोपहर बाद मौसम में सुधार हुआ और धूप खिल गई। सर्दी का असर फिर भी बना रहा और श्रद्धालु आवश्यकतानुसार गर्म कपड़े लेकर यात्रा कर रहे हैं। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सामान्य चहल-पहल है और यात्रा का माहौल मध्यम बना हुआ है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड प्रशासन, पुलिस विभाग, सीआरपीएफ तथा आपदा प्रबंधन दल के अधिकारी और जवान लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। मार्ग के विभिन्न स्थानों पर तैनात कर्मी सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ श्रद्धालुओं को आवश्यक सहयोग भी दे रहे हैं। प्रशासन मार्ग पर व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखे हुए है, ताकि मौसम में किसी भी बदलाव से श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।
यात्रियों को हेलीकॉप्टर सेवा, बैटरी कार सेवा, रोपवे, घोड़ा, पिट्ठू और पालकी जैसी सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं, जिनका लाभ उठाकर वे अपनी सुविधानुसार भवन तक पहुंच रहे हैं। दर्शन के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु भैरव घाटी की ओर जाकर बाबा भैरवनाथ के दरबार में शीश नवा रहे हैं। कटड़ा पहुंचकर श्रद्धालु बाजारों में प्रसाद और अन्य सामान की खरीदारी भी कर रहे हैं, जिससे बाजारों में रौनक बनी हुई है।
