वाल्मीकिनगर में जंगल से निकलकर करीब 10 फीट लंबा अजगर हवाई अड्डे के पास एक खेत में पहुंच गया, जिससे आसपास के लोगों में हलचल मच गई। ग्रामीणों ने सावधानी बरतते हुए अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू किया और वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के घने जंगल में छोड़ दिया।
संवाद सूत्र, वाल्मीकिनगर (पश्चिम चंपारण)। वाल्मीकिनगर में जंगल से निकलकर एक विशाल अजगर हवाई अड्डे के समीप पहुंच गया। करीब 10 फीट लंबे अजगर को खेत में रेंगते देख आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
घटना गुरुवार को स्थानीय थाना क्षेत्र के नौका टोला के पास की है। वाल्मीकिनगर-बगहा मुख्य पथ से सटे वन क्षेत्र से निकलकर अजगर वाल्मीकिनगर हवाई अड्डे के समीप पहुंचा और फिर पास के एक खेत में चला गया। खेत में विशाल अजगर को देखकर आसपास के लोगों में हलचल मच गई और सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। करीब 10 फीट लंबे अजगर को देखकर लोग हैरान रह गए।
स्थानीय लोगों ने सावधानी बरतते हुए अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू किया और उसे वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के घने जंगल में छोड़ दिया। अजगर के जंगल में लौटने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
