वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) के मदनपुर जंगल में एक युवती का शव झाड़ियों से बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार शव करीब एक सप्ताह पुराना प्रतीत होता है और मृतका की उम्र लगभग 25 वर्ष आंकी गई है। शव की स्थिति खराब होने के कारण चेहरा स्पष्ट नहीं हो पा रहा है, जिससे पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है।

नौरंगिया थाना क्षेत्र में यूपी-बिहार सीमा पर स्थित मदनपुर जंगल में दिल्ली कैंप के समीप रेलवे लाइन के पास झाड़ियों में शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना पर नौरंगिया थानाध्यक्ष राज रोशन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को झाड़ियों से निकलवाकर अपने कब्जे में लिया। मृतका ने जींस पहन रखी थी।

थानाध्यक्ष ने बताया कि फिलहाल युवती की पहचान नहीं हो सकी है। पहचान सुनिश्चित करने के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों में शव की तस्वीर भेजी गई है और पुलिस अपने स्तर से भी जानकारी जुटा रही है। हाल के दिनों में आसपास के इलाकों से लापता हुई युवतियों के बारे में भी पता लगाया जा रहा है। युवती जंगल तक कैसे पहुंची और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

हत्या की आशंका को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।