स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत वाराणसी को 51,400 टैबलेट की पहली खेप आवंटित हो गई है। एसर इंडिया लिमिटेड की ओर से उपलब्ध कराए गए इन टैबलेट को प्रशासन की निगरानी में जेपी मेहता इंटर कालेज में सुरक्षित रखा गया है। टैबलेट में शैक्षणिक सामग्री, ई-लर्निंग तथा रोजगार से जुड़े सरकारी पोर्टल और ऐप्स पहले से इंस्टाल हैं, जिससे छात्रों को ऑनलाइन पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद मिलेगी।
जिले में एक लाख से अधिक पात्र छात्र-छात्राओं को टैबलेट देने का लक्ष्य तय है, जिसके सापेक्ष पहली खेप प्राप्त हो चुकी है। शेष टैबलेट की खेप भी जल्द पहुंचने की उम्मीद है। अगले माह से शिक्षण संस्थानों के माध्यम से पात्र विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
योजना के तहत स्नातक, परास्नातक, डिप्लोमा, पॉलिटेक्निक, आईटीआई, मेडिकल, नर्सिंग और कौशल विकास से जुड़े पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत नियमित छात्रों को यह टैबलेट निश्शुल्क दिया जाएगा। इसमें मुख्य रूप से अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को प्राथमिकता मिलेगी। योजना के लिए विद्यार्थियों को अलग से कोई आवेदन फार्म भरने की आवश्यकता नहीं होती है।
डीआइओएस भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि संबंधित कालेज पात्र विद्यार्थियों का डेटा शासन के डिजीशक्ति पोर्टल पर अपलोड करते हैं। विद्यार्थियों के लिए आधार ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करना अनिवार्य होता है। विवरण का सत्यापन होने के बाद संस्थानों को टैबलेट उपलब्ध कराए जाते हैं।
