वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के दीनायलपुर गांव में पारिवारिक विवाद को लेकर एक व्यक्ति के घर पर कथित रूप से मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दीनायलपुर गांव निवासी अशोक कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनका अपनी बहू रूबी श्रीवास्तव और उसके पति अनुराग श्रीवास्तव के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा है। आरोप है कि 19 नवंबर को दोपहर करीब दो बजे उनकी बहू का भाई संजीव कुमार श्रीवास्तव, निवासी कोड़ी, थाना मोहनिया, जिला भभुआ (बिहार), तीन अन्य लोगों के साथ चारपहिया वाहन से उनके घर पहुंचा। उनके साथ करीब 15-16 लोग भी थे।
आरोप है कि सभी ने गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों और रॉड से उनकी पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान उनका बेटा राहुल श्रीवास्तव बीच-बचाव करने पहुंचा तो हमलावरों ने उसे भी पीटा और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि हमलावर उन्हें जबरन गाड़ी में बैठाने का प्रयास करने लगे। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया, जिसके बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। घटना के दौरान उनका मोबाइल फोन भी कहीं गिर गया।
पीड़ित ने पुलिस से आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने 19 नवंबर को तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
