वाराणसी में नकली दवाओं के मामले में एसटीएफ द्वारा सरगना अभिषेक सिंह की गिरफ्तारी के बाद रोहनिया पुलिस ने जांच तेज कर दी है। थाना प्रभारी राजू सिंह के मुताबिक, सहारनपुर में गिरफ्तार मोहम्मद हसीन और मोनू को वारंट-बी के जरिए वाराणसी लाने की तैयारी है। इसके लिए न्यायालय में आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाएगी। दोनों से यहां लाकर बरामद दवाओं के स्रोत, खरीद-बिक्री और सप्लाई चेन के बारे में पूछताछ की जाएगी।

अभिषेक सिंह के अलावा भदोही के जगतपुर (करियांव) निवासी सुरेंद्र नाथ मिश्र, लोहता के कोरौता निवासी सुनील कुमार पटेल और जंसा के चकरा खेवली निवासी अशोक कुमार वर्मा पर मुकदमा दर्ज किया गया है। इनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस अभिषेक की संपत्तियों की डिटेल भी खंगाल रही है।

जानकारी के अनुसार, नकली दवा बनाने का खेल पुराना है। वर्ष 2023 में भी एसटीएफ वाराणसी ने सिगरा क्षेत्र में इस खेल का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जमानत पर छूटने के बाद अभिषेक सिंह ने फिर से यह खेल शुरू कर दिया। पहले वह ओडिशा से नकली दवाओं की खेप मंगाता था, अब सहारनपुर के दलाल के जरिए मंगाने लगा। आरोप है कि अभिषेक ने नकली दवाओं की तस्करी से करोड़ों की कमाई की और सोनभद्र के साथ वाराणसी में भी आलीशान मकान बनवाया तथा कई जगह अचल संपत्तियां बनाईं।

मामले का खुलासा खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम द्वारा जंसा के अशोक कुमार वर्मा की दुकान से दवाओं की सैंपलिंग के बाद हुआ था। जांच में दवाएं नकली मिलीं। पूछताछ में दुकानदार ने बताया कि उसे सुनील पटेल दवाओं की सप्लाई करता है। सुनील के जरिए जांच टीम सुरेंद्र नाथ मिश्र तक पहुंची, जिसके बाद मुख्य सप्लायर अभिषेक सिंह का नाम सामने आया।